पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले काउंटिंग एजेंट्स को मतगणना केंद्र के अंदर क्या ले जाने की अनुमति है? इस बात को लेकर भ्रम था। इसे चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि पेन ले जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
यह स्पष्टीकरण उस समय आया जब तृणमूल कांग्रेस के बेलेघाटा से चुनाव प्रत्याशी ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि केंद्रीय बल काउंटिंग सेंटर में एजेंट्स को पेन ले जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतगणना केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्ती से प्रतिबंधित है। हालांकि उम्मीदवारों के एजेंट्स को गिनती के दौरान रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए जरूरी स्टेशनरी साथ ले जाने की अनुमति है।
चुनाव आयोग ने काउंटिंग एजेंट्स के लिए उन वस्तुओं की सूची भी स्पष्ट कर दी है जिसे लेकर वे मतगणना केंद्र के अंदर जा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, काउंटिंग एजेंट्स पेन, पेंसिल, सादा कागज, नोटबुक, फॉर्म 17C की डुप्लीकेट कॉपी, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी पहचान पत्र और फॉर्म 18 (नियुक्ति पत्र) अपने साथ ले जा सकते हैं।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब तृणमूल प्रत्याशी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची दिखाई गई थी। इस सूची में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, खाने के पैकेट, पानी की बोतलें, कैश बैग, लाइटर, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ और हथियार शामिल थे। सूची में पेन और नुकीली वस्तुओं का भी जिक्र था जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में सवाल खड़े हो गए। हालांकि इस तस्वीर की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो सकी है।
हालांकि, चुनाव अधिकारियों ने दोहराया कि मतगणना के काम के लिए आवश्यक सामान्य स्टेशनरी पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई। आज 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कोलकाता में मतगणना कई केंद्रों पर होगी। नेताजी इंडोर मतगणना केंद्र (खुदीराम अनुशीलन केंद्र के पास) में चौरंगी, एंटली, बेलेघाटा, जोरासांको, श्यामपुकुर, मणिकतला और काशीपुर-बेलगछिया जैसी सीटों की गिनती होगी।
अन्य काउंटिंग केंद्रों में शखावत मेमोरियल स्कूल (भवानीपुर), सेंट थॉमस ब्वॉयज स्कूल, बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल, बाबासाहेब अम्बेडकर एडुकेशन यूनिवर्सिटी, एपीसी रॉय पॉलीटेक्निक और हेस्टिंग्स हाउस कॉम्प्लेक्स शामिल हैं।