पिछले 2 महीनों के चुनाव प्रचार और 2 चरणों में मतदान। बस कुछ घंटों का इंतजार और। उसके बाद ही राज्य के 77 मतगणना केंद्रों में शुरू होगी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना शुरू होगी। उससे ठीक एक रात पहले ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बड़े आरोप लगाए हैं।
तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि कई इलाकों में जानबुझकर लोडशेडिंग कर दी जा रही है। ऐसी शिकायत उन्हें मिल रही है। इसका आरोप उन्होंने भाजपा पर लगाते हुए कहा है कि भाजपा के इशारे पर ही ऐसा किया जा रहा है।
स्ट्रॉन्ग रुम और मतगणना केंद्रों की करें पहरेदारी
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ममता बनर्जी ने लिखा है कि सतर्क रहें। पहरा दें, रात जागे और शिकायत दर्ज करवाएं।
अपने पोस्ट में तृणमूल सुप्रीमो ने लिखा है, "विभिन्न जगहों से मुझे जानकारी मिल रही है कि जानबुझकर लोडशेडिंग कर दी जा रही है। हुगली में श्रीरामपुर, नदीया में कृष्णनगर और बर्धमान से आउसग्राम, कोलकाता में खुदीराम अनुशीलन केंद्र से भी ऐसा घटनाएं सामने आयी हैं। लोडशेडिंग की जा रही है, सीसीटीवी कैमरा बंद कर दिया जा रहा है, स्ट्रॉन्ग रुम में गाड़ियों की आवाजाही हो रही है।"
उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा है कि जिस तरह मैं रात जागकर पूरे मामले पर नजर रख रही हूं आपलोग भी रात जागे। स्ट्रॉन्ग रुम में जनता के वोट की पहरेदारी करें। कहीं भी कोई संदेहास्पद परिस्थिति दिखे तो तुरंत घेर लें और शिकायत दर्ज करवाएं और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें। यह सब भाजपा के इशारों पर ही की जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव हुए है जिसका EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) स्ट्रॉन्ग रुम में सुरक्षित रखे हुए हैं। तृणमूल का आरोप है कि स्ट्रॉन्ग रुम में जाकर भाजपा EVM से छेड़छाड़ कर सकती है।
बता दें, साल 2021 के चुनाव में भी नंदीग्राम के मतगणना केंद्र में लोडशेडिंग को केंद्र कर काफी हंगामा मच गया था। उस चुनाव में ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से हार गयी थी। आरोप लगाया गया था कि फर्जीवाड़ा कर शुभेंदु अधिकारी को जिताया गया है। इसलिए इस बार मतगणना केंद्र में लोडशेडिंग न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए ही तृणमूल ने सारी तैयारियां कर ली हैं।