नई दिल्ली : राज्यसभा के कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच दुबई से लौट रहे लोगों से वसूले जा रहे महंगे हवाई किराए का मुद्दा भी उठाया।
संसद के राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए गोहिल ने कहा कि दुनिया में कहीं भी किसी भारतीय नागरिक पर हमला या उत्पीड़न होना देश के सम्मान पर हमला माना जाता है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ दिन पहले रूस में भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कर विरोध जताया है।
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए गुजरात से सांसद गोहिल ने कहा कि वर्ष 2025 में विदेशों में पढ़ रहे 350 भारतीय छात्रों से संबंधित शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 200 शिकायतें रूस से थीं।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का एक कारण यह भी है कि देश में शिक्षा का बड़े पैमाने पर निजीकरण हो गया है। इसके कारण चिकित्सा शिक्षा बहुत महंगी हो गई है और कई छात्रों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए विदेश जाना पड़ता है।
गोहिल ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। कई देश अपने नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं दे रहे हैं, लेकिन भारत की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुबई से लौटने वाले लोगों से एयरलाइंस कंपनियां अत्यधिक किराया लेकर लूट कर रही हैं।
वहीं, शून्यकाल में ही कांग्रेस सांसद जेबी मैथर ने अंगदान की आवश्यकता और इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
उन्होंने केरल के 9 महीने के बच्चे आलिन शेरिन अब्राहम और 19 वर्षीय युवती जैस्लिया जॉनसन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके परिवारों ने साहसिक निर्णय लेकर अन्य लोगों को नया जीवन देने का अवसर दिया।
मैथर ने कहा कि केरल से एक सशक्त संदेश मिलता है, यही असली केरल की कहानी है। उन्होंने आगे कहा कि अंगदान एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और सरकार को इस प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और जागरूकता सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।