नई दिल्ली: पिछले साल अप्रैल महीने में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला किया था लेकिन सिर्फ पहलगाम ही नहीं, पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न इलाकों में आतंकी हमले हुए हैं। 7 वर्षों में देश में कितने आतंकी हमले हुए हैं, इसकी जानकारी आंकड़ों के साथ केंद्र ने दी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि 2017 से 2023 के बीच देश में एक हजार से ज्यादा आतंकी हमले हुए हैं। इन हमलों में 531 लोगों की मौत हुई है।
22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में एक पोनी चालक सहित 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत हो गई थी। जिस तरह से यह हमला हुआ था, उससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। इस हमले के लिए केंद्र ने पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा किया था। इस आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अभियान चलाकर कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
हालांकि पहलगाम से पहले और बाद में भी देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी हमले हुए हैं। मंगलवार को इसी को लेकर लोकसभा में जानकारी दी गई। देश में कितने आतंकी हमले हुए और कितने लोगों की मौत हुई, यह जानना चाहा था तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकली घोष दस्तिदार ने। साथ ही उन्होंने आतंकियों के खिलाफ उठाए गए कदमों के बारे में भी सवाल किया था।
इस सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बताया कि 2017 से 2023 के बीच देश में 1050 आतंकी हमले हुए। इन हमलों में 531 लोगों की मौत हुई, जिनमें 243 आम नागरिक और 288 सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। इन आतंकी हमलों में 599 नागरिक और 802 सुरक्षा कर्मी घायल हुए। आतंकियों के खिलाफ अभियानों में भी सफलता मिली है। इस दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 687 आतंकियों की मौत हुई और 616 को गिरफ्तार किया गया। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह जानकारी नित्यानंद राय ने दी। हालांकि पिछले दो वर्षों में कितने आतंकी हमले हुए, इसकी जानकारी मंगलवार को लोकसभा में नहीं दी गई।