🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अन्नामलाई की अमित शाह से मुलाकात, पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज

नया राजनीतिक दल बनाने की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे अन्नामलाई, भाजपा नेतृत्व से मुलाकात के बाद भी स्थिति साफ नहीं।

By श्वेता सिंह

Jun 02, 2026 19:22 IST

नई दिल्लीः तमिलनाडु भाजपा के नेता के. अन्नामलाई ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब उनके पार्टी छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई, लेकिन क्या बात हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बैठक के बाद अन्नामलाई बिना मीडिया से बातचीत किए वहां से चले गए।

इस मुलाकात के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि के. अन्नामलाई ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी. एल. संतोष से भी मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन भाजपा की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने अभी कोई इस्तीफा नहीं दिया है और स्थिति पहले जैसी ही है।

जानकारी के अनुसार, अन्नामलाई हाल के दिनों में तमिलनाडु भाजपा में हुए संगठनात्मक बदलावों से नाराज बताए जा रहे हैं। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर नैनार नागेंद्रन को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एआईएडीएमके के साथ फिर से गठबंधन करने के फैसले को भी उनकी नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। कहा यह भी जा रहा है कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं होंगे। हालांकि कोयंबटूर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को उनसे चुनाव लड़ने की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने पहले ही खुद को चुनावी दौड़ से अलग कर लिया था।

अन्नामलाई सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे। रवाना होने से पहले उन्होंने चेन्नई एयरपोर्ट पर कहा था कि वह दो दिन में अपनी स्थिति साफ करेंगे और सभी सवालों का जवाब देंगे। इसी बयान के बाद उनके दिल्ली दौरे और संभावित फैसले को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी।

फिलहाल न तो के. अन्नामलाई और न ही भाजपा की ओर से उनके अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट बयान आया है। ऐसे में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।

Articles you may like: