फ्लाइट से घंटों में आसानी से सफर करने वाले यात्रियों को अब बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विमान सेवाओं में बाधा आने वाली है। A-320 सीरीज़ के विमानों के फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम में गंभीर खामी पाई गई है। इसके चलते एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 200 से 250 उड़ानें एक साथ रद्द की जा सकती हैं। यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गयी है जिसमें उड़ानों में देरी की संभावना जताई गई है। वजह है सोलर रेडिएशन यानी सौर विकिरण।
सौर विकिरण का असर विमान सेवाओं पर कैसे पड़ेगा?
सूरज के अंदर न्यूक्लियर फ्यूज़न की वजह से भारी मात्रा में ऊर्जा पैदा होती है। यह ऊर्जा विद्युत चुंबकीय तरंगों और आवेशित कणों (solar particles) के रूप में अंतरिक्ष में फैलती है। जब यह सौर विकिरण बढ़ जाता है तब अंतरिक्ष से आने वाले उच्च-ऊर्जा वाले कण (cosmic rays, solar particles) इलेक्ट्रॉनिक सर्किट को प्रभावित करते हैं।
इसे तकनीकी भाषा में single - event upset (SEU) कहा जाता है। जब ये आवेशित कण किसी इलेक्ट्रॉनिक चिप पर ‘टकराते’ हैं तब डेटा बिट उलट सकता है, मतलब 0 बदलकर 1 हो सकता है और 1 बदलकर 0 हो सकता है। ऐसे में सॉफ्टवेयर को गलत डेटा प्राप्त होने लगता है और कंप्यूटर गड़बड़ा जाता है। विमान उड़ान में हो तो यह स्थिति खतरनाक हो सकती है।
मुख्यत: A-320 सीरीज़ के विमानों में इस खतरे की संभावना ज्यादा बताई गई है।
अब उपाय क्या है?
A-320 एयरबस द्वारा निर्मित नैरो-बॉडी विमानों की एक श्रृंखला है। शुक्रवार को कंपनी ने बताया कि इस सीरीज़ के विमानों के फ्लाइट कंट्रोल डेटा पर सौर विकिरण का गंभीर असर पड़ सकता है। इससे निपटने के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट जरूरी है।
कुछ मामलों में हार्डवेयर की मरम्मत भी करनी पड़ सकती है। इसमें समय लगेगा। इसलिए विमान संचालन में अस्थायी व्यवधान आने की आशंका जताई गई है।
भारत में फिलहाल A-320 सीरीज़ के 560 विमान मौजूद हैं। इनमें से कम-से-कम 250 विमानों में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की मरम्मत की जरूरत होगी, ऐसा एयरबस का मानना है।
यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी ने A-320 सीरीज़ के विमानों में Elevator Aileron Computer (फ्लाइट कंट्रोल के लिए विशेष कंप्यूटर) लगाने का निर्देश दिया है।
इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस क्या कह रहे हैं?
एयरलाइंस कंपनियों ने सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की मरम्मत का काम पहले ही शुरू कर दिया है। एयरबस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी अपडेट किए जा रहे हैं। शनिवार को इंडिगो ने कहा-“सुरक्षा सबसे पहले है। यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”
देश के कुछ राज्यों में उड़ानें रद्द हो सकती हैं-यह चेतावनी एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले ही दे चुकी है। एयरलाइन के बेड़े में A-320 सीरीज़ के 31 विमान हैं। कुछ उड़ानों में देरी होने की भी आशंका जताई गई है।