नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में तनाव के बीच राहत भरी खबर सामने आई। दुबई से 149 यात्रियों और 8 चालक दल के सदस्यों को लेकर एयर इंडिया का विमान मंगलवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। एयरलाइन के अनुसार यह आज राष्ट्रीय राजधानी में किसी भारतीय विमानन कंपनी की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान थी।
एयर इंडिया के न्यूजरूम द्वारा एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा गया कि हम दुबई से उड़ान AI916D द्वारा आए अपने यात्रियों और चालक दल का स्वागत करते हुए प्रसन्न हैं। पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के बीच आज 149 यात्रियों और 8 ऑपरेटिंग क्रू सदस्यों के साथ नई दिल्ली पहुंचने वाली यह किसी भारतीय विमानन कंपनी की पहली उड़ान है।
एयरलाइन ने अपने कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम अपनी टीम, भारत सरकार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और दुबई के स्थानीय प्राधिकरणों का निरंतर सहयोग और इस वापसी को संभव बनाने के लिए हृदय से धन्यवाद करते हैं।
इस बीच दुबई एयरपोर्ट्स ने पुष्टि की कि 2 मार्च सोमवार की शाम से सीमित रूप से उड़ान संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से कुछ चुनिंदा उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई है।
उड़ानों के धीरे-धीरे पुनः शुरू होने के साथ संयुक्त अरब अमीरात में स्थिति सामान्य होने लगी है। हजारों भारतीय, जो अपने देश लौटने की प्रतीक्षा कर रहे थे, अब राहत महसूस कर रहे हैं।
हालांकि अधिकारियों ने यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रियों से कहा गया है कि जब तक उन्हें उनकी एयरलाइन द्वारा प्रस्थान समय की पुष्टि के साथ सीधे संपर्क न किया जाए, तब तक वे दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा या अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर न जाएं।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए क्षेत्र के कई अरब देशों को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की थी, जिसके कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।