कोलकाता: रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए कोलकाता पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस बार खास फोकस मेन रोड के बजाय तंग गलियों और अंदरूनी इलाकों पर रखा गया है, जहां पिछले वर्षों में बदसलूकी और गैर-कानूनी गतिविधियों की शिकायतें सामने आई थीं।
लापरवाह बाइकर्स पर सख्ती
होली के दौरान मंगलवार और बुधवार को शहर के कई हिस्सों में पुलिस पिकेट लगाए जाएंगे। बिना हेलमेट बाइक चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शहर के हर फ्लाईओवर पर तय समय के दौरान दो दिनों तक बाइक चलाने पर रोक रहेगी, ताकि किसी तरह की दुर्घटना या हुड़दंग को रोका जा सके।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
लालबाजार मुख्यालय की ओर से निर्देश जारी कर जरूरी और संवेदनशील इलाकों की पहचान की गई है। इन क्षेत्रों में डिप्टी कमिश्नर रैंक के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसी रैंक के अधिकारियों की देखरेख में पीसीआर वैन और मोटरबाइक पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
SARC लिस्ट के बाद एहतियात
पिछले शनिवार को स्पेशल इंटेंसिव करेक्शन (SARC) लिस्ट जारी की गई थी। त्योहार के मौसम में इसे लेकर कुछ इलाकों में तनाव की स्थिति भी देखी गई। ऐसे में पुलिस शांति बनाए रखने को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
तालाब और घाटों पर भी नजर
होली खेलने के बाद कई लोग तालाबों और नदी घाटों पर नहाने जाते हैं। नशे की हालत में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए तालाब, नदी के घाट के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस तैनात की गई है।
होली के उल्लास के बीच कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कोलकाता पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मकसद साफ है-रंगों का त्योहार खुशी और शांति से मनाया जाए, किसी भी तरह की लापरवाही या हुड़दंग को बर्दश्त नहीं किया जाएगा।