जम्मू: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के टेरियाथ इलाके में पुलिस ने एक ऐसे गुब्बारे को जब्त किया है, जो हवाई जहाज जैसा दिख रहा था और जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस पीआईए लिखा हुआ था। पुलिस के अनुसार, यह गुब्बारा टेरियाथ पुलिस पोस्ट क्षेत्र में देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया। जांच में पाया गया कि उस गुब्बारे में कोई भी इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं लगा था। फिलहाल मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
इससे पहले भी इसी महीने भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन घुसपैठ के कई प्रयासों को नाकाम किया था। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 5:45 से 6:00 बजे के बीच दो छोटे क्वाडकॉप्टर ने भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसने की कोशिश की थी। सेना के सतर्क जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रोन को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हाल के दिनों में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कई बार ड्रोन देखे गए हैं। इन घटनाओं को देखते हुए सेना ने निगरानी और सुरक्षा बढ़ा दी है। 23 फरवरी को अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास दो गुब्बारे मिले थे, जिनसे अमेरिकी डॉलर और पाकिस्तानी रुपये जुड़े हुए थे। पुलिस ने इन नोटों की जांच शुरू की थी। ये घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब सीमा पार तनाव बढ़ा हुआ है। हाल ही में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हवाई हमलों के बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।