🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विरोध के बीच ‘द केरल स्टोरी 2’ की स्क्रीनिंग रोकी गई

कन्नूर और तिरुवनंतपुरम में प्रदर्शन के बाद शो रद्द, टिकटधारकों को पैसे लौटाए गये। हाईकोर्ट ने पहले हटाया था स्टे।

By श्वेता सिंह

Feb 28, 2026 15:37 IST

तिरुवनंतपुरमः द केरला स्टोरी-2 गोज़ बियोन्ड (The Kerala Story 2-Goes Beyond) की निर्धारित स्क्रीनिंग शनिवार को कन्नूर में विरोध प्रदर्शनों के बाद रद्द कर दी गई। प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघरों के बाहर पोस्टर फाड़े और जलाए गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए और आयोजकों को टिकटधारकों को राशि लौटानी पड़ी।

डीवाईएफआई का विरोध मार्च

डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने फिल्म के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। यह मार्च त्रिशूर फन मूवीज थिएटर तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टरों पर प्रतीकात्मक रूप से कोयला डालकर विरोध जताया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व DYFI त्रिशूर जिला कमेटी के सचिव के.एस. रुस्सल राज ने किया।

संगठन का कहना है कि फिल्म के कथानक में तीन युवा महिलाओं की कहानी दिखाई गई है, जो कथित तौर पर भ्रामक विवाह और जबरन धार्मिक परिवर्तन की परिस्थितियों में फंस जाती हैं। इसी कथानक को लेकर संगठन ने आपत्ति जताई है।

दर्शकों की कमी, शो रद्द

संगठन के विरोध के चलते कन्नूर में निर्धारित शो रद्द कर दिए गए। थिएटर प्रबंधन ने बताया कि दर्शकों की कमी और सुरक्षा कारणों से स्क्रीनिंग रोकनी पड़ी और टिकट खरीदने वालों को रिफंड जारी किया गया। मॉल के भीतर कोई लाइव स्क्रीनिंग नहीं हुई।

इसी तरह, तिरुवनंतपुरम के मॉल ऑफ त्रावणकोर स्थित सिनेपोलिस में भी विरोध के बाद पुनर्निर्धारित शो रोक दिए गए।

अदालत का आदेश और कानूनी पृष्ठभूमि

इससे एक दिन पहले केरला हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर लगी रोक हटा दी थी। सिंगल बेंच के न्यायाधीश जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने 15 दिनों के लिए रिलीज पर रोक लगाई थी, जिसे डिवीजन बेंच-जस्टिस एस.ए. धर्माधिकारी और जस्टिस पी.वी. बालकृष्णन ने निरस्त कर दिया।

डिवीजन बेंच ने साथ ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (Central Board of Film Certification) को फिल्म की सामग्री की दोबारा समीक्षा करने का निर्देश दिया। याचिकाओं में आरोप लगाया गया था कि फिल्म में नफरत फैलाने वाली सामग्री हो सकती है।

ट्रेलर से शुरू हुआ विवाद

फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे “प्रोपेगैंडा” बताया है, जबकि फिल्म निर्माता इसे शोध आधारित वास्तविक घटनाओं पर आधारित बताते रहे हैं। इससे पहले ऐसी खबरें भी आई थीं कि अदालत के हस्तक्षेप के बाद फिल्म का टीजर हटाया गया, हालांकि निर्माताओं ने इन दावों से इनकार किया था।

विरोध और कानूनी विवादों के बीच फिल्म की आगे की स्क्रीनिंग और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर सबकी नजर बनी हुई है।

क्या दोहराएगी 2023 वाली कहानी?

गौरतलब है कि 2023 में रिलीज हुई The Kerala Story की शुरुआत भी धीमी रही थी, लेकिन बाद में फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया था। इसी अनुभव के आधार पर सिनेमाघर संचालक उम्मीद जता रहे हैं कि वीकेंड के बाद टिकट बिक्री में तेजी आ सकती है।

फिलहाल, फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा की दिशा आने वाले कुछ दिनों में साफ होगी—क्या विवाद दर्शकों को आकर्षित करेगा या शुरुआती सुस्ती ही ट्रेंड तय करेगी, यह देखना बाकी है।

Prev Article
मध्य प्रदेश के आश्रम में 14 महीनों में 17 बच्चों की मौत, हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर मांगी जवाबदेही
Next Article
ओडिशा में बीजद का बड़ा ऐलान: राज्यसभा की चार सीटों की जंग में दो उम्मीदवारों के साथ मैदान में

Articles you may like: