अजमेर(राजस्थान): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार, 28 फरवरी को राजस्थान के हृदय स्थल अजमेर पहुंच। उनका यह दौरा केवल एक सभा नहीं, बल्कि प्रदेश की तस्वीर बदलने वाली विकास योजनाओं का संगम है। पीएम मोदी यहां से न केवल 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की, बल्कि देश की करोड़ों बेटियों की सेहत से जुड़ा एक ऐतिहासिक 'नेशनल मिशन' भी लॉन्च किया। कायड़ विश्राम स्थली पर चल रही इस विशाल सभा में भारी उत्साह देखा गया।
राजस्थान से HPV वैक्सीन का आगाज
प्रधानमंत्री मोदी ने आज अजमेर की इस पावन धरा से 'सर्वाइकल कैंसर' के खिलाफ भारत के सबसे बड़े स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान (Human Papillomavirus Vaccine) का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया। देश में हर साल करीब 1.25 लाख महिलाएं इस गंभीर बीमारी की चपेट में आती हैं और लगभग 75 हजार की मौत हो जाती है। अब 9 से 14 साल की बेटियों को भविष्य के इस खतरे से बचाने के लिए देशभर के 30,000 केंद्रों पर यह वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। यह कदम भारत की नारी शक्ति के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति एक बड़ी क्रांति माना जा रहा है।
16,686 करोड़ के 43 प्रोजेक्ट्स से संवरेगा राजस्थान
आज राजस्थान के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई उड़ान मिली है। पीएम मोदी कुल 16,686 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर दिया है। इसमें सबसे खास है 1,207 करोड़ की लागत से बनने वाला बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, जो सफर के समय को काफी कम कर देगा। इसके अलावा, जोधपुर में 1,243 करोड़ का एलिवेटेड रोड और जयपुर के सांगानेर में बनने वाला नया मार्ग शहरी यातायात को सुगम बनाएगा। पानी की किल्लत दूर करने के लिए नोनेरा और परवन अकवाद पेयजल परियोजनाएं (करीब 3,200 करोड़ रुपये) भी आज धरातल पर उतर गया है।
युवाओं को 21,863 नियुक्ति पत्र सौंपेंगे पीएम मोदी
केवल सड़कों और पुलों का विकास ही नहीं, पीएम मोदी ने आज राजस्थान के हजारों युवाओं के भविष्य पर भी मुहर लगाई है। 'रोजगार उत्सव' के तहत 21,863 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। इनमें 7 हजार से ज्यादा नर्सिंग स्टाफ, 3800 से अधिक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHOs) और 3300 से ज्यादा पटवारी शामिल हैं। निकाय और पंचायत चुनावों से ठीक पहले, भाजपा सरकार इस बड़े कदम के जरिए सुशासन और रोजगार के अपने एजेंडे को सीधे जनता के बीच ले जा रही है।
अजमेर-जयपुर हाईवे पर निकलने से पहले पढ़ लें यह अपडेट
पीएम के दौरे के कारण सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं। शनिवार सुबह 6 बजे से ही अजमेर शहर और हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कर दी गई है। ब्यावर रोड से जयपुर जाने वाले भारी वाहनों को मांगलियावास से नसीराबाद की ओर डायवर्ट किया गया है। कायड़ विश्राम स्थली की ओर जाने वाले रास्ते पर सामान्य वाहनों का प्रवेश भी वर्जित है। अगर आप ब्यावर, जयपुर या किशनगढ़ की ओर जाने की सोच रहे हैं, तो वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें ताकि आप जाम में न फंसें।
विपक्ष के तीखे सवाल और सियासी सरगर्मी
एक तरफ सीएम भजनलाल शर्मा ने इसे 'विकसित राजस्थान' की ओर बड़ा कदम बताया है, वहीं विपक्षी खेमे ने सवालों की बौछार कर दी है। हनुमान बेनीवाल ने पेपर लीक और RPSC के पुनर्गठन को लेकर पीएम को घेरा है, तो पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पत्र लिखकर पुरानी योजनाओं को बहाल करने की मांग की है। सियासी गलियारों में इस दौरे को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा के 'शक्ति प्रदर्शन' के रूप में देखा जा रहा है।