जयपुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अजमेर में केंद्र और राज्य सरकार की लगभग 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत करेंगे। एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है।
एचपीवी टीकाकरण अभियान गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य कम उम्र में टीकाकरण के जरिए किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाना, महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच मजबूत करना है। इस कार्यक्रम में मोजी शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों की 43 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 16,686 करोड़ रुपये है। इनमें से 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों जैसे शहरी विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, लोक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन और उद्योग से जुड़ी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से संबंधित लगभग 8,132 करोड़ रुपये की 9 बड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
सड़क, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
प्रधानमंत्री 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जिनमें लगभग 1,207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 में एनएच-76 जंक्शन से उम्मेदपुरा गांव (एनएच-12) तक 8 लेन कैरिजवे और राज्य में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार व सुदृढ़ीकरण शामिल है। वे जयपुर में सांगानेर फ्लाईओवर से चौड़दिया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली एलिवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखलिया चौराहा तक 1,243 करोड़ रुपये की 4 लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की लागत से माल बामोरी-मांग्रोल-बारां स्टेट हाईवे का शिलान्यास करेंगे। स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा मेजर ड्रिंकिंग वाटर प्रोजेक्ट के चार पैकेज (1,021 करोड़ रुपये से अधिक) और परवन अकावद मेजर ड्रिंकिंग वाटर प्रोजेक्ट के पांच पैकेज (2,247 करोड़ रुपये) का शिलान्यास करेंगे। वे 3,616 करोड़ रुपये की लागत वाली ट्रांसमिशन प्रणाली का उद्घाटन करेंगे, जिससे राजस्थान के प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन केंद्रों से बिजली का सुचारु प्रसारण हो सकेगा, साथ ही पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सब-स्टेशन की आधारशिला भी रखेंगे।
21,863 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (JPMIA) में विभिन्न बुनियादी ढांचा और पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर वे राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। इनमें 3,320 से अधिक पटवारी (राजस्व), 2,291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2,590 पशुधन सहायक, 3,822 सीएचओ, 7,357 जनस्वास्थ्य नर्स, मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग इंचार्ज, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-2 और अन्य पदों पर चयनित युवा शामिल हैं।