🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मार्करम-डी कॉक के तूफान में पस्त कैरेबियाई टीम, भारत के चेहरे पर चौड़ी मुस्कान

अहमदाबाद में वेस्ट इंडीज को आसानी से हराया दक्षिण अफ्रीका ने, टीम इंडिया को मिला फायदा।

By नवीन पाल, Posted by: रजनीश प्रसाद

Feb 26, 2026 19:10 IST

अहमदाबाद : खराब शुरुआत, फिर उभार और उसके बाद दोबारा गिरावट- वेस्ट इंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में कैरेबियाई टीम की कहानी कुछ ऐसी ही रही। अंतिम समय में वेस्ट इंडीज ने जिस संघर्ष से रन जोड़े उसे गेंदबाज भुना नहीं सके। दक्षिण अफ्रीका ने मैच 9 विकेट से जीत लिया। इस जीत से भारत के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई।

2026 के ICC T 20 World Cup के सुपर-आठ चरण में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए वेस्ट इंडीज और दक्षिण अफ्रीका के मैच पर सभी की नजर थी क्योंकि इस मुकाबले का असर भारत के सुपर फोर में पहुंचने की संभावनाओं पर पड़ना था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। 83 रन पर ही सात विकेट गिर गए। इसके बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड की 89 रन की साझेदारी के दम पर टीम 176 रन तक पहुंच सकी।

वेस्ट इंडीज के लिए सर्वाधिक 52 रन रोमारियो शेफर्ड ने बनाए जबकि जेसन होल्डर ने 49 रन जोड़े। शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाज टिक नहीं सके। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीन विकेट लिए जबकि कागिसो रबाडा और कोर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने मात्र 16.1 ओवर में एक विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए। प्रोटियाज ने आसान जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज ऐडन मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। डी कॉक 47 रन बनाकर रोस्टन चेस की गेंद पर आउट हुए। अंत तक कप्तान मार्करम और रयान रिकेल्टन डटे रहे। मार्करम ने 82 रन बनाए जबकि रिकेल्टन ने 45 रन की पारी खेली।

अर्थात वेस्ट इंडीज के निचले क्रम के बल्लेबाज़ों ने जो बड़ा स्कोर खड़ा कर गेंदबाज़ों को उम्मीद दी थी उसे गेंदबाज संभाल नहीं सके।

अंक तालिका की स्थिति

सुपर-आठ के ग्रुप 1 में दक्षिण अफ्रीका शीर्ष पर है। उसने दो मैच खेले और दोनों जीते हैं। उसका नेट रन रेट +2.890 है। दूसरे स्थान पर वेस्ट इंडीज है जिसने एक मैच जीता और एक हारा है उसका नेट रन रेट +1.791 है।

भारत और ज़िम्बाब्वे क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। भारत का नेट रन रेट -3.800 और ज़िम्बाब्वे का -5.350 है।

Prev Article
कोहली के बिना विश्व कप में 160 से अधिक रन का लक्ष्य भारत ने कभी नहीं जीता, सहवाग ने जताई चिंता

Articles you may like: