चेन्नई : टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। इसी समीकरण को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ मैदान में उतरेंगे सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या। मैच से पहले भारत की अंतिम एकादश को लेकर चर्चाएं तेज हैं। खराब फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा को बाहर किया जाएगा? क्या अक्षर पटेल की वापसी होगी? इन सवालों का सीधा जवाब भले ही नहीं मिला हो लेकिन भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। उन्होंने इशारा किया कि संजू सैमसन को मौका मिल सकता है।
क्या संजू सैमसन को मिलेगा अवसर?
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में सीतांशु कोटक ने बताया कि टीम प्रबंधन बदलाव पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि हां, टीम में बदलाव संभव है। हम संजू के बारे में सोच रहे हैं। हमारी बल्लेबाजी क्रम के पहले तीन बल्लेबाज बाएं हाथ के हैं और विरोधी टीमें हमारे खिलाफ ऑफ स्पिन गेंदबाज से शुरुआत कर रही हैं। साथ ही तीनों मैचों में हमने पहले ही ओवर में विकेट गंवाया है। इसलिए बदलाव पर विचार चल रहा है। हम आमतौर पर इतनी जल्दी टीम की घोषणा नहीं करते लेकिन टीम प्रबंधन बदलाव के बारे में सोच रहा है।
किस क्रम पर उतरेंगे संजू?
मंगलवार को अभ्यास सत्र में भी संजू सैमसन को लंबे समय तक बल्लेबाजी करते देखा गया। सीतांशु कोटक के संकेतों से माना जा रहा है कि चेन्नई में होने वाले गुरुवार के मुकाबले में संजू का खेलना लगभग तय है। यदि संजू को मौका मिलता है तो रिंकू सिंह को बाहर बैठना पड़ सकता है क्योंकि वह विश्व कप में अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
हालांकि भारतीय टीम अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी को तोड़ने के पक्ष में नहीं दिख रही है। ऐसे में बाएं और दाएं हाथ के संयोजन को ध्यान में रखते हुए संजू को तीसरे नंबर पर उतारा जा सकता है। उस स्थिति में सूर्यकुमार यादव चौथे और तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। या फिर यदि सूर्यकुमार तीसरे नंबर पर उतरते हैं तो संजू को चौथे या पांचवें स्थान पर मौका मिल सकता है। अब देखना होगा कि अवसर मिलने पर सैमसन उसका कितना लाभ उठा पाते हैं।