नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक के इश्क की एक बार फिर चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा है कि शोएब जल्द ही चौथी बार शादी करने जा रहे हैं। इस बार शोएब मलिक का पाकिस्तानी एक्ट्रेस लायबा खान के साथ नाम जुड़ा है। दरअसल कुछ समय पहले शोएब मलिक को लेकर ये खबर आई थी कि वह एक्ट्रेस लायबा के साथ रिश्ते में हैं। इसी वजह से दोनों के शादी बात वायरल हो गई। हालांकि, अब ये बात सामने आई है कि शोएब मलिक और लायबा एक-दूसरे से शादी नहीं कर रहे हैं।
बता दें कि लायबा ने पिछले महीने ही एक बिजनेसमैन से मदीना में निकाह किया है। लायबा ने खुद अपनी शादी की तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। ऐसे में पड़ताल के बाद शोएब मलिक की चौथी शादी की बात पूरी तरह से झूठ और महज एक अफवाह निकली है, जो कुछ सोशल मीडिया हैंडल के द्वारा वायरल की गई थी।
शोएब मलिक के चौथी शादी की खबर इसलिए भी वायरल हुई, क्योंकि उनका शादी के मामले में ऐसा ही कुछ रिकॉर्ड रहा है। शोएब ने साल 2024 में तीसरी रचाई है। शोएब मलिक की पहली शादी आयशा सिद्दकी से हुई थी। आयशा से तलाक लेने के बाद शोएब ने अप्रैल 2010 में भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के साथ निकाह किया था। दोनों ने 13 साल के रिश्ते को खत्म कर 2024 में अलग होने का फैसला किया। सानिया मिर्जा से तलाक के बाद शोएब ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह किया। शोएब ने पिछले महीने ही अपनी शादी की सालगिरह मनाई है।
ऐसा रहा शोएब मलिक का करियर
शोएब मलिक के क्रिकेटिंग करियर की बात करें तो वह पाकिस्तान के लिए वह 35 टेस्ट, 287 वनडे और 124 टी20 मैचों में मैदान पर उतरे। टेस्ट क्रिकेट में शोएब ने पाकिस्तान के लिए 1898 रन बनाने के साथ 32 विकेट भी अपने नाम किए। इसके अलावा वनडे में उन्होंने 7534 रन बनाने के अलावा 158 विकेट झटके हैं। शोएब मलिक का टी20 करियर भी काफी सफल रहा है। इस फॉर्मेट में उन्होंने पाकिस्तान के लिए 2435 रन बनाए हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में उन्होंने 28 विकेट लिए हैं।