कोलंबो : पाकिस्तान इस समय जबरदस्त दबाव में है। पल्लेकेले में इंग्लैंड से 2 विकेट की हार के बाद उनका दबाव चरम पर पहुंच गया है। दूसरी ओर पाकिस्तान को हराकर 2026 के ICC T20 World Cup के सुपर-आठ चरण के ग्रुप 2 से सेमीफाइनल का टिकट इंग्लैंड ने पक्का कर लिया है। ऐसे में ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल करना अब ‘मैन इन ग्रीन’ के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऊपर से बुधवार को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ श्रीलंका की बड़ी हार ने पाकिस्तान की समीकरण को और उलझा दिया है।
पाकिस्तान का सेमीफाइनल समीकरण
पाकिस्तान के सामने अब सिर्फ एक ही रास्ता है- आखिरी मैच में श्रीलंका को हराना ही होगा। श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। न्यूज़ीलैंड के 3 अंक हैं जबकि पाकिस्तान के पास 1 अंक है। दोनों टीमों का एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
अगर पाकिस्तान जीतता है तो उसके 3 अंक हो जाएंगे लेकिन सिर्फ जीत काफी नहीं होगी न्यूज़ीलैंड को अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड से हारना भी होगा। साथ ही नेट रन रेट भी निर्णायक भूमिका निभाएगा। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। अगर इंग्लैंड न्यूज़ीलैंड से हार जाता है तो पाकिस्तान का सफर खत्म हो जाएगा।
ग्रुप 2 पॉइंट्स टेबल (सुपर-आठ)
इंग्लैंड (सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई) - 4 अंक (न्यूज़ीलैंड के खिलाफ मैच बाकी)
न्यूज़ीलैंड – 3 अंक, नेट रन रेट: +3.050 (इंग्लैंड के खिलाफ मैच बाकी)
पाकिस्तान – 1 अंक, नेट रन रेट: -0.461 (श्रीलंका के खिलाफ मैच बाकी)
श्रीलंका (विश्व कप से बाहर) – 0 अंक (पाकिस्तान के खिलाफ मैच बाकी)
क्या नेट रन रेट ही अंतिम फैसला करेगा?
सभी शर्तें पूरी होने पर भी पाकिस्तान की जगह पक्की नहीं होगी। उस स्थिति में न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान दोनों के 3-3 अंक होंगे। तब फैसला नेट रन रेट से होगा। फिलहाल पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 है, जबकि न्यूज़ीलैंड +3.050 के साथ काफी आगे है।
हालांकि एक सकारात्मक पहलू यह है कि सुपर-आठ चरण में न्यूज़ीलैंड बनाम इंग्लैंड का मैच 27 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। उसके अगले दिन 28 फरवरी को पल्लेकेले में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा।
यानी कीवी टीम के नतीजे जानने के बाद ही पाकिस्तान मैदान में उतरेगा। तब उसे स्पष्ट पता होगा कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कितने बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। कुल मिलाकर, ग्रुप 2 में आखिरी दो दिनों में ही पाकिस्तान की किस्मत का फैसला होगा।