भुवनेश्वर: मतदान कार्य में नियुक्त बंगाल के दो जिम्मेदार अधिकारियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। वे दोनों अधिकारी गलती से ओडिशा में प्रवेश कर गए थे। ऐसा आरोप है कि वहीं उन्हें बच्चा चोर समझकर पीटा गया। घटना में 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में 20 महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के लिए उन दोनों को नियुक्त किया गया था। SIR के काम की निगरानी के लिए उन्हें माइक्रो ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया गया था। दोनों अधिकारियों को झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम जाना था लेकिन रास्ता भटककर वे ओडिशा के बालेश्वर थाना क्षेत्र में पहुंच गए। नयाग्राम की सीमा के जलेश्वर इलाके में उन्हें प्रताड़ित किया गया। बुधवार को उन दोनों अधिकारियों को रोककर गांववालों ने पिटाई की।
बालेश्वर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवज्योति दास ने बताया कि वे अधिकारी गलती से इलाके में प्रवेश कर गए थे। उन्हें बच्चा चोर समझकर स्थानीय लोगों ने रोककर पीटा। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और दोनों अधिकारियों को बचाया। हालांकि उन्हें बचाने के दौरान पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के साथ तीखी बहस के अलावा हाथापाई भी हुई।
शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान चलाकर 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश अदालत ने दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोर की अफवाह पश्चिम मिदनापुर और झाड़ग्राम जिलों के साथ-साथ ओडिशा और झारखंड राज्य में भी फैली हुई है। बच्चा चोर के संदेह में कई लोगों की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का भी आरोप है। इस संबंध में ओडिशा के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों को सतर्क और जागरूक किया जा रहा है। किसी बाहरी व्यक्ति को संदिग्ध रूप से घूमते देख तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।