भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 विश्वकप 2026 के मैच एक खास वजह से चर्चा में है। मैच के दौरान एक मिस्ट्री गर्ल दिखी, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई। फैंस में उसको जानने को लेकर उत्सुकता दिखी और सोशल मीडिया पर उस मिस्ट्री गर्ल को लेकर खूब बात हुई। चेन्नई में खेले गए मैच के दौरान जैसे ही कैमरा उस मिस्ट्री गर्ल की ओर घूमा, सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हो गईं। भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें बनाए रखी हैं।
दरअसल, भारतीय पारी के दौरान 10वें ओवर के खत्म होने पर कैमरा दर्शक दीर्घा की ओर घूमा। उस वक्त भारत का स्कोर एक विकेट पर 109 रन था। बिग स्क्रीन पर एक लड़की दिखी, जिसकी स्माइल बेहद क्यूट दिख रही थी।
स्क्रीन पर अपना चेहरा देख वह मिस्ट्री गर्ल भी मुस्कुरा उठी। उसने स्क्रीन की ओर इशारा भी किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उसको लेकर काफी बातें हुईं। फिर खुलासा हुआ कि वह लड़की कोई और नहीं, बल्कि नैना भान हैं। नैना एक्ट्रेस, मॉडल और कंटेंट क्रिएटर हैं।
वह नेटफ्लिक्स की सीरीज 'क्लास' और 'मेड इन हेवन' में काम कर चुकी हैं। नैना ने खुद ही अपनी तस्वीर अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर की है। उनको लेकर हो रही चर्चा का स्क्रीनशॉट भी उन्होंने शेयर किया है। नैना ने स्टोरी में लिखा- मैंने भारत-जिम्बाब्वे का मैच चेन्नई में देखा।
फिर एक मीम भी शेयर किया- जिसमें लिखा है- कैमरामैन को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड। उनका इंस्टाग्राम आईडी नैना बी नाम से है। इंस्टाग्राम पर उनके एक लाख 89 हजार फॉलोअर्स हैं।
भारत की विस्फोटक बल्लेबाजी
टी20 विश्वकप में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। यह टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर और भारत का टी20 विश्व कप इतिहास में सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेली। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन जड़े। अंत में तिलक वर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों में 44 रन बनाकर पारी को विस्फोटक अंदाज में खत्म किया।
जिम्बाब्वे की कोशिश नाकाम
257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी। ब्रायन बेनेट ने 59 गेंदों में 97 रन की शानदार नाबाद पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। कप्तान सिकंदर रजा ने 31 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक सफलता हासिल की।