🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केजरीवाल को कोर्ट से राहत, अखिलेश यादव ने कहा – सच की हुई जीत

आबकारी नीति मामले में बरी होने पर सपा प्रमुख का बीजेपी पर हमला।

By रजनीश प्रसाद

Feb 27, 2026 18:52 IST

लखनऊ : दिल्ली आबकारी नीति मामले में बड़ी कानूनी राहत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह सच और न्याय की जीत है।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज दिल्ली में सच और न्याय दोनों केजरीवाल के साथ खड़े हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों को शर्म महसूस होनी चाहिए और पार्टी ने दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया है।

इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और 21 अन्य लोगों को आरोपों से मुक्त कर दिया। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि कथित साजिश के पर्याप्त सबूत पेश नहीं किए जा सके और आरोप न्यायिक जांच में टिक नहीं पाए। अदालत ने यह भी माना कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ आपराधिक मंशा साबित नहीं होती।

अखिलेश यादव ने कुछ धार्मिक व्यक्तियों पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि वे राजनीतिक उद्देश्यों से सरकारों और नेताओं को बदनाम करते हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा की विचारधारा पर भी सवाल उठाए।

वहीं सीबीआई ने अदालत के फैसले को उच्च अदालत में चुनौती देने की बात कही है। इस फैसले के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विभिन्न दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Prev Article
दीवार में छेद कर नींद की गोलियां चलाकर, रोमांचक अभियान में गाजियाबाद के स्कूल से निकाला लेपर्ड

Articles you may like: