🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हार्दिक पांड्या-अभिषेक शर्मा की धुआंधार पारी, अर्शदीप सिंह की बॉलिंग हावी : भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा

भारत ने भी इस मैच को अपना जी-जान लगाकर खेला और आखिरकार जीत का सेहरा भारत के सिर पर ही सजा।

By Soumyadeep Dey, Posted By : Moumita Bhattacharya

Feb 26, 2026 23:37 IST

इंडियन क्रिकेट टीम के फैंस ने आखिरकार राहत की सांस ली। T20 वर्ल्ड कप के सुपर एट्स के पहले मैच में भारत को दक्षिण अफ्रीका के सामने हार का सामना करना पड़ा था। इस हार की वजह से सेमीफाइनल में भारत के पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा था। गुरुवार को सूर्यकुमार यादव की लीडरशिप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के लिए 'करो या मरो' वाली स्थिति पैदा हो गयी थी। भारत ने भी इस मैच को अपना जी-जान लगाकर खेला और आखिरकार जीत का सेहरा भारत के सिर पर ही सजा।

जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की वजह से भारत सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस में बना हुआ है। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने चार विकेट खोकर 256 रन बनाए। अभिषेक शर्मा (55) और हार्दिक पांड्या (50*) ने हाफ सेंचुरी लगायी। तिलक वर्मा ने 44 रन की तेज पारी खेली।

257 रनों का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 184 रनों पर ढेर हो गई। अर्शदीप सिंह ने अकेले 3 विकेट लिए। ब्रायन बर्नेट ने 97 रनों की जुझारू पारी तो खेली लेकिन वह बेकार चली गई। भारत के खिलाफ मिली शिकस्त की वजह से ज़िम्बाब्वे की वर्ल्ड कप सेमी-फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।

अभिषेक-तिलक-हार्दिक की तूफानी पारी

टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह 24 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक शर्मा फॉर्म में लौटे। उन्होंने 30 बॉल पर 55 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने अच्छी शुरुआत की लेकिन 38 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 13 बॉल पर 33 रनों की तूफानी पारी निकली।

5वें विकट के लिए हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने तूफानी पारी खेली। दोनों के बीच 84 रन की पार्टनरशिप रही। 20वें ओवर में 20 रन बने। हार्दिक पांड्या 23 गेंदों पर हाफ सेंचुरी लगाकर नाबाद रहे। तिलक वर्मा ने उनका अच्छा साथ दिया। इस मैच में वह 5वें नंबर पर मैदान में उतरे थे। आखिर में वह 16 गेंदों पर 44 रन बनाकर नॉट आउट रहे। भारत ने 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए।

हावी रही अर्शदीप सिंह की बॉलिंग

257 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ज़िम्बाब्वे ने अच्छी शुरुआत की। लेकिन अक्षर पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई। ओपनर मारुमानी 20 रन पर आउट हो गए। कप्तान सिकंदर राजा ने 21 बॉल पर 31 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने बाकी टीम को टिकने नहीं दिया। उन्होंने अपने आखिरी दो ओवर में तीन विकेट लिए। मैच के आखिर में उनके बॉलिंग फिगर चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट थे।

ब्रायन बर्नेट की जुझारू नाबाद 97 रनों की पारी

ज़िम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बर्नेट सबका ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहे। वह एक छोर पर लगातार टिके रहे और लड़ते रहे। उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह आखिरी गेंद तक टिके रहे। उन्होंने 59 गेंदों में 97 रन की जुझारू पारी खेली और नाबाद रहे। हालांकि भारत ने आखिर में ज़िम्बाब्वे को 6 विकेट पर 184 रन पर रोक दिया। शिवम दुबे को दो ओवर में 46 रन देने के लिए आलोचना का सामना भी करना पड़ा।

Prev Article
मार्करम-डी कॉक के तूफान में पस्त कैरेबियाई टीम, भारत के चेहरे पर चौड़ी मुस्कान

Articles you may like: