नयी दिल्लीः एक महिला की हत्या का आरोप उसके लिव-इन पार्टनर पर लगा है। आरोप है कि हत्या के बाद वह महिला के शव को कार में डालकर कहीं दूर फेंकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन असफल रहा। इसके बाद अभियुक्त ने शव को कार में ही छोड़ दिया और घर जाकर सो गया। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने गई, तब भी वह घर में सो रहा था। यह घटना दक्षिण दिल्ली के छावला इलाके की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार छावला स्थित घर में शराब पीने के बाद 44 वर्षीय महिला के साथ वीरेन्द्र सिंह का झगड़ा हुआ। इसी झगड़े के दौरान वीरेन्द्र ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी।
जानकारी मिली है कि गहरी रात में हत्या के बाद उसने महिला के शव को कार में डालकर कहीं दूर ले जाकर फेंकने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ और वह शव को कार में छोड़कर घर आकर सो गया। सुबह एक पड़ोसी ने कार में पड़े महिला के शव को देखा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने आकर शव को बरामद किया। शव कार की पीछे की सीट पर रखा था और महिला के चेहरे पर कई चोटों के निशान मिले। पुलिस ने बताया कि नजफगढ़ का रहने वाला वीरेन्द्र पिछले 2 साल से उस महिला के साथ रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे भी हैं। जानकारी के अनुसार महिला के पुराने घर की बिक्री से मिले पैसों से इस साल अगस्त में छावला में तीन मंज़िला घर खरीदा गया था, जहां दोनों रहते थे।
बताया गया है कि घर खरीदने के बाद 21 लाख रुपये बचे थे और इन्हीं पैसों को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में वीरेन्द्र ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या के बाद वीरेन्द्र ने अपने एक पुरुष मित्र और एक महिला मित्र को बुलाया था। उनकी मदद से ही शव को कार में रखा गया। इसके बाद दोनों चले गए लेकिन शराब के नशे में वीरेन्द्र कार लेकर दूर नहीं जा सका, इसलिए घर लौटकर सो गया। पुलिस का कहना है कि उन दोनों मित्रों की भी तलाश की जा रही है।