नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई दे रहा है। इजराइल और ईरान के बीच बढ़े संघर्ष के कारण कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई यात्री फंस गए हैं। उड़ानें रद्द होने और लगातार देरी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक यात्री ने बताया कि उसे दिल्ली से सऊदी अरब जाना था लेकिन उसकी फ्लाइट रद्द कर दी गई। वह पिछले 14 घंटे से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहा है लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। मध्य पूर्व में इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान के ठिकानों पर हमले के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय रूट प्रभावित हुए हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, 28 फरवरी को घरेलू एयरलाइंस की 410 उड़ानें रद्द की गई थीं। वहीं 1 मार्च को 444 उड़ानें रद्द होने की संभावना है। मंत्रालय ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय सभी एयरलाइंस के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।