🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

टी20 विश्वकप में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ एक बार जीता भारत, 12 साल पहले हुआ था ऐसा

टी20 विश्व कप में भारत ने वेस्टइंडीज को अब तक चार में से सिर्फ एक मैच में हराया है। आखिरी और इकलौती जीत 2014 में मीरपुर में मिली थी। 2009, 2010 और 2016 में भारत को हार का सामना करना पड़ा। आगामी मुकाबले में इतिहास बदलने की चुनौती टीम इंडिया के सामने है।

By लखन भारती

Mar 01, 2026 17:30 IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज शाम सात बजे से टी20 विश्वकप 2026 का नॉकआउट मुकाबला खेला जाएगा। सुपर-8 ग्रुप-1 के इस मैच में जो टीम हारेगी, वह विश्वकप से बाहर हो जाएगी। वहीं, जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, जबकि ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबलों का इतिहास टीम इंडिया के लिए ज्यादा सुखद नहीं रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 विश्वकप में चार मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत को सिर्फ एक बार जीत मिली है।

2009, लॉर्ड्स में 7 विकेट से हार: 2009 टी20 विश्व कप में लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को सात विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। यह मुकाबला ग्रुप स्टेज में खेला गया था, जहां वेस्टइंडीज ने भारत को आसानी से मात दी।

2010, ब्रिजटाउन में करीबी मुकाबला: 2010 में बारबाडोस के केनसिंग्टन ओवल में खेले गए मैच में भारत 14 रन से हार गया। यह मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी रहा, लेकिन अंत में कैरिबियाई टीम ने बाजी मार ली।

2016, सेमीफाइनल में टूटा सपना: 2016 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में मुंबई के वानखेड़े में वेस्टइंडीज ने भारत को सात विकेट से हराकर फाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया था। यह हार भारतीय फैंस के लिए बेहद दर्दनाक रही।

2014: 12 साल पहले मिली इकलौती जीत

भारत की एकमात्र जीत 2014 टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के शेर-ए-बंग्ला स्टेडियम में आई थी। उस मैच में भारत ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। यही वह मुकाबला है, जिसे आज भी भारतीय फैंस याद करते हैं।

क्या टीम इंडिया पुराने दर्द का बदला लेगी ?

आंकड़े साफ बताते हैं कि टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज भारत पर भारी रहा है। हालांकि मौजूदा टीम संतुलित नजर आती है और पिछले अनुभवों से सीख लेकर मैदान में उतर सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया इस बार 12 साल पुराना इतिहास दोहराकर वेस्टइंडीज से 2016 में मिली हार का बदला लेती है या कैरिबियाई टीम फिर से मुश्किल खड़ी करेगी।

भारत-वेस्टइंडीज हेड टू हेड

दोनों टीमें अब तक टी20 में 30 मुकाबलों में आमने-सामने आ चुकी हैं। 19 में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 10 मैच वेस्टइंडीज ने जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। वहीं, ईडन गार्डेन्स में भारत और वेस्टइंडीज की टीम चार बार आमने-सामने आई है और चारों मुकाबले टीम इंडिया ने जीते हैं। दोनों टीमों के बीच यहां पिछला मुकाबला साल 2022 में खेला गया था। 2022 में दोनों टीमें तीन बार भिड़ीं और तीनों मैच टीम इंडिया ने जीते। वहीं, उससे पहले 2018 में ईडन गार्डेन्स में भारत और वेस्टइंडीज का मुकाबला हुआ था और भारत ने मैच पांच विकेट से अपने नाम किया था।

Prev Article
शाम वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का नंबर गेम का पंगा ? जानें भारतीय टीम का समीकरण
Next Article
IND vs WI : टॉस जीतकर भारत ने फील्डिंग चुनी, टीम में कोई बदलाव नहीं

Articles you may like: