कोलकाताः टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-1 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार शाम को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला यह मैच अब एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल बन चुका है, क्योंकि जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह दक्षिण अफ्रीका के साथ सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। इस महामुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर यह है कि ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित होने वाली है।
ईडन गार्डन्स के स्थानीय क्यूरेटर सुजन मुखर्जी का कहना है कि पिच पूरी तरह से बल्लेबाजों के अनुकूल तैयार की गई है। शुक्रवार शाम को पूर्व भारतीय कप्तान और कैब अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने भी मुख्य क्यूरेटर आशीष भौमिक के साथ पिच का निरीक्षण किया। गांगुली पिच की तैयारी से काफी खुश नजर आए। मुखर्जी ने बताया कि यह एक विशिष्ट ईडन विकेट है जहां भरपूर रन बनेंगे, हालांकि गेंदबाजों के लिए भी इसमें कुछ न कुछ जरूर होगा।
वेस्टइंडीज के लिए भी फायदे का सौदा
भले ही बल्लेबाजी पिच भारत को पसंद आए, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम भी इस खबर से गदगद होगी। कैरेबियाई टीम के पास दुनिया के सबसे खतरनाक पावर-हिटर्स हैं जो किसी भी सपाट पिच पर मैच का पासा पलट सकते हैं। इतिहास गवाह है कि 2016 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मुंबई की बल्लेबाजी पिच पर ही वेस्टइंडीज ने 190 से ज्यादा का स्कोर चेज कर भारत को चौंकाया था।