नई दिल्लीः ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र द्वारका और उत्तम नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। होली के दिन 4 मार्च को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी में हुई हत्या के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संवेदनशील इलाकों में 100 से अधिक पिकेट लगाए गए हैं और छतों व मुख्य चौराहों पर पुलिस कर्मी तैनात हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर सुरक्षा के खास इंतजाम किये गये हैं।
यह आदेश नागरिक अधिकार समूह, एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) द्वारा दायर पीआईएल के बाद आया। जनहित याचिका में ईद पर उत्तम नगर में संभावित सांप्रदायिक हिंसा रोकने की अपील की गई थी।सिविल सोसाइटी के मुस्लिम प्रतिनिधियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को खत लिखकर इलाके में मुसलमानों के खिलाफ खुली धमकियों की सूचना दी और पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।
होली के दिन चार मार्च को दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प के दौरान 26 वर्षीय तरुण की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के अनुसार, एक लड़की द्वारा पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर झड़प शुरू हुई थी। गलती से दूसरी महिला पर रंग लग गया था। इस घटना के बाद प्रदर्शन हुए और आरोपियों की दो गाड़ियां आग के हवाले कर दी गईं। अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस ने मस्जिदों, ईदगाह और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी है। पैदल गश्त, वाहन चेकिंग और इलाके में लगातार मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है और आपत्तिजनक पोस्ट को तुरंत हटाया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने बताया, “हमने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है ताकि ईद सभी के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहे। किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।” संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमों को ऊंचाई वाले स्थानों पर भी तैनात किया गया है।