फ़िल्म ‘मैरी कॉम’ और वेब सीरीज़ ‘द फैमिली मैन’ में अपने अभिनय के लिए जाने जाने वाले अभिनेता सुनील थापा का शनिवार को काठमांडू में 68 वर्ष की आयु में काठमांडू के नॉरविक अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। अस्पताल में उन्हें बेहोशी की हालत में चिकित्सा सहायता के लिए लाया गया था। ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि और आशंका जताई कि मृत्यु का कारण हृदयाघात यानी कार्डियक अरेस्ट हो सकता है।
भारतीय सिनेमा में उन्हें बॉक्सिंग बायोपिक फ़िल्म ‘मैरी कॉम’ में सहायक भूमिका से व्यापक पहचान मिली, जिसमें प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में थीं। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत फ़िल्म ‘एक दूजे के लिए’ से की थी और इसके बाद कई हिन्दी, तमिल और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। थापा वेब सीरीज़ ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीज़न में भी नजर आए थे, जिसमें उन्होंने डेविड खुज़ोउ की भूमिका निभाई थी।
प्रियंका चोपड़ा ने क्या कहा...
प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फ़िल्म ‘मैरी कॉम’ की शूटिंग के दौरान दिवंगत अभिनेता सुनील थापा के साथ बिताए पलों को याद किया। फ़िल्म में थापा ने प्रियंका के कोच की भूमिका निभाई थी। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि अपने पिता के निधन के कठिन समय में सुनील थापा उनके लिए भावनात्मक सहारा बने थे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रियंका ने लिखा, “आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे। जब मैंने अपने पिता को खोया था, उस समय आपने मुझे संभाले रखा। आपने मुझे बहुत प्यार दिया और कई मुश्किल दिनों में मेरी मदद की, शायद आपको खुद भी इसका एहसास नहीं था। आपकी गर्मजोशी भरी झप्पियाँ और आपकी हँसी हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगी। बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे। उस समय आपकी दयालुता के लिए धन्यवाद, जब मैं पूरी तरह टूट चुकी थी।”
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अभिनेता के परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने नेपाली सिनेमा में थापा के योगदान को याद करते हुए कहा कि थापा की “विरासत आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी।”
नेपाली सिनेमा की एक प्रमुख हस्ती रहे थापा ने कई दशकों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फ़िल्मों में व्यापक रूप से काम किया। वे नेपाली एक्शन-ड्रामा फ़िल्म ‘चिनो’ में राते कैला की अपनी प्रतिष्ठित भूमिका के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध थे।