अक्षय कुमार के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अभिनेता की आने वाली हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज़ डेट पहले कर दी गई है। अब यह फ़िल्म 15 मई के बजाय 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। अब दर्शक अप्रैल में ही डर और हँसी के डबल डोज़ का आनंद ले पायेंगे।
फ़िल्म के निर्माताओं द्वारा जारी किए गए प्रेस नोट के अनुसार, रिलीज़ डेट को आगे लाने का यह फैसला अक्षय कुमार की इस साल की व्यस्त थिएट्रिकल लाइनअप को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मेकर्स का मानना है कि दर्शकों की दिलचस्पी और बेहतर रणनीति के लिहाज़ से यह कदम फ़िल्म के लिए फायदेमंद साबित होगा।
प्रेस नोट में कहा गया है, “जो फ़िल्म पहले 15 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी, उसे अब पहले रिलीज़ करने का फैसला लिया गया है। ‘भूत बंगला’ अब 10 अप्रैल, 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। यह निर्णय दर्शकों की भागीदारी और अक्षय कुमार की साल भर की व्यस्त रिलीज़ सूची को ध्यान में रखते हुए एक रणनीतिक कदम के रूप में लिया गया है।”
इस नए ऐलान को खुद अक्षय कुमार ने भी अपने अंदाज़ में साझा किया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर फ़िल्म की नई रिलीज़ डेट की घोषणा की। वीडियो के साथ उन्होंने मज़ेदार कैप्शन लिखा-“भूत बंगला का काउंटडाउन रिवाइंड!”
इस फ़िल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन ने किया है और ‘भूत बंगला’ के ज़रिए प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी 14 साल बाद फिर साथ आ रही है। इससे पहले यह जोड़ी ‘फिर हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’ और ‘भागम भाग’ जैसी कई कल्ट क्लासिक फ़िल्में दे चुकी है, जिन्हें आज भी दर्शक बेहद पसंद करते हैं।
हॉरर और कॉमेडी के इस अनोखे मेल वाली फ़िल्म की शूटिंग पिछले साल मई में पूरी हो चुकी थी। ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ एक मज़बूत स्टारकास्ट नजर आएगी, जिसमें तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, जिशु सेनगुप्ता, असरानी और वामिका गब्बी शामिल हैं।
फ़िल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स केप ऑफ गुड फ़िल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत कर रही है। इस फ़िल्म के निर्माता अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर हैं।