नयी दिल्लीः देश में यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के माध्यम से लेनदेन लगातार बढ़ रहे हैं। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। पिछले साल नवंबर की तुलना में इस साल नवंबर में यूपीआई पेमेंट की संख्या लगभग 32 प्रतिशत बढ़ी है। लेनदेन की राशि के हिसाब से 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एनपीसीआई की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर महीने के पहले 28 दिनों में देश में 1 हजार 900 करोड़ यूपीआई लेनदेन हुए हैं। इतने ट्रांजैक्शन के माध्यम से 24.58 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। नवंबर महीने के बाकी 2 दिनों में यह लेनदेन और भी बढ़ा है। विभिन्न पेमेंट प्लेटफॉर्म की दी गई जानकारी के अनुसार नवंबर महीने के 30 दिनों में यूपीआई लेनदेन की संख्या 20 अरब को पार कर गई है। नवंबर में 2 हजार 47 करोड़ यूपीआई लेनदेन हुए हैं। रुपये की राशि के हिसाब से यह 26.32 लाख करोड़ रुपये है।
इस साल अक्टूबर की तुलना में नवंबर में लेनदेन की राशि कुछ कम हुई है। अक्टूबर भर त्योहारों का मौसम था। इसलिए उस महीने में लेनदेन रिकॉर्ड राशि तक पहुंचा था, ऐसा विशेषज्ञों का मत है। अक्टूबर महीने की तुलना में इस साल नवंबर महीने में दैनिक लेनदेन की संख्या बढ़ी है। अक्टूबर महीने में रोज यूपीआई लेनदेन 66.8 करोड़ हुए थे। नवंबर में यह बढ़कर 68.2 करोड़ हो गए हैं। यूपीआई की लगातार वृद्धि के बारे में विशेषज्ञ बता रहे हैं कि भारत के दैनिक जीवन का हिस्सा बन गए हैं यूपीआई पेमेंट्स। इसे विशेषज्ञ बहुत महत्वपूर्ण बदलाव मान रहे हैं। वे बता रहे हैं कि दैनिक लेनदेन में यूपीआई का उपयोग बढ़ रहा है। लेनदेन की संख्या की लगातार वृद्धि इसका संकेत दे रही है।