नई दिल्ली : आज, 12 फरवरी को पूरे देश में बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। कई बैंक यूनियनों ने मिलकर इस हड़ताल का आह्वान किया है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अपने सदस्यों से बैंक हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। इसके अलावा 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने भी औद्योगिक क्षेत्र में हड़ताल का आह्वान किया है।
नए श्रम कोड को लागू करने के विरोध में इस हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल का आह्वान करने वाले संगठनों ने आरोप लगाया है कि श्रम कानूनों की जगह नए श्रम कोड लागू कर कर्मचारियों और नौकरीपेशा लोगों पर हमला किया जा रहा है। बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठनों की ओर से श्रम कोड का विरोध करने के साथ-साथ सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन की छुट्टी की मांग भी की गई है।
क्या आज बैंक बंद हैं?
12 फरवरी को बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है, लेकिन अलग से किसी बैंक की ओर से अवकाश की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि बैंकों के रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी की आशंका जताई गई है। समाचार माध्यमों के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा ने बीएसई को सूचित किया है कि बैंक सामान्य कामकाज बनाए रखने की कोशिश करेगा, हालांकि शाखाओं और अन्य कार्यालयों में काम प्रभावित होने की आशंका है। एसबीआई की ओर से भी सुचारू रूप से काम जारी रखने के लिए कदम उठाने की बात कही गई है, लेकिन कामकाज प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की ओर से बताया गया है कि देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। केंद्र की कई नीतियों के विरोध में यह हड़ताल बुलाई गई है। उनकी ओर से कहा गया है कि बैंकिंग, बीमा, बिजली कंपनियां, परिवहन सेवाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा, गैस और जल आपूर्ति जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। पीटीआई के अनुसार ट्रेड यूनियनों का दावा है कि देशभर में 30 करोड़ श्रमिक इस हड़ताल में शामिल होंगे।