कैलिफोर्निया : कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की दौड़ में दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां अब बड़े स्तर पर पुनर्गठन और लागत कटौती की राह पर चल पड़ी हैं। इसी क्रम में Meta और LinkedIn ने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। एक ओर मेटा करीब 8 हजार कर्मचारियों की नौकरी समाप्त करने की तैयारी में है वहीं दूसरी ओर लिंक्डइन ने भी 600 से अधिक कर्मचारियों को छंटनी का नोटिस भेज दिया है। एआई-केंद्रित बदलावों के बीच टेक इंडस्ट्री में हजारों कर्मचारियों का भविष्य अनिश्चितता में घिरता दिखाई दे रहा है।
फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने वैश्विक स्तर पर नए दौर की छंटनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दुनिया भर में लगभग 8 हजार कर्मचारी इस फैसले से प्रभावित हो सकते हैं।
सबसे पहले सिंगापुर स्थित कर्मचारियों को छंटनी की सूचना दी गई। बुधवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4 बजे से कर्मचारियों को नोटिफिकेशन मिलने शुरू हुए। एशिया क्षेत्र में सिंगापुर मेटा का एक बड़ा परिचालन केंद्र माना जाता है। जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में अमेरिका और यूरोप में कार्यरत कर्मचारियों को भी नोटिस भेजे जाएंगे।
रिपोर्टों के अनुसार मेटा के कई विभाग इस छंटनी की कतार में आए हैं। इनमें इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, ऑपरेशंस और सपोर्ट फंक्शन जैसे विभाग शामिल हैं।
मेटा इस समय एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई आधारित उत्पादों में भारी निवेश कर रही है। इसके साथ ही कंपनी विभिन्न विभागों में खर्च कम कर अपनी कार्यप्रणाली को अधिक “स्ट्रीमलाइन” बनाने की कोशिश में जुटी है। माना जा रहा है कि इसी रणनीति के तहत यह पुनर्गठन किया जा रहा है।
मेटा के बाद अब लिंक्डइन ने भी कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला लिया है। रिपोर्टों के मुताबिक कंपनी ने 606 कर्मचारियों को स्थायी छंटनी का नोटिस जारी किया है। यह छंटनी आगामी 13 जुलाई से प्रभावी होगी।
वर्कर एडजस्टमेंट एंड रिट्रेनिंग नोटिफिकेशन (WARN) फाइलिंग के जरिए यह जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि कर्मचारियों को पिछले सप्ताह ही इस निर्णय की जानकारी दे दी गई थी। इससे पहले खबर आई थी कि लिंक्डइन अपने कुल कर्मचारियों में लगभग 5 प्रतिशत की कटौती करने की योजना पर काम कर रही है। वर्तमान में दुनिया भर में लिंक्डइन के फुल-टाइम कर्मचारियों की संख्या 17,500 से अधिक बताई जाती है।
इस छंटनी का सबसे अधिक असर कैलिफोर्निया स्थित माउंटेन व्यू कार्यालय पर पड़ा है, जहां 350 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी चली गई। इसके अलावा कैलिफोर्निया में 66 रिमोट कर्मचारी, सैन फ्रांसिस्को में 108 कर्मचारी, सनीवेल में 59 और कार्पिन्टेरिया में 21 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।
लिंक्डइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डैनियल शापेरो ने हाल ही में कर्मचारियों के लिए एक आंतरिक मेमो जारी किया था। रिपोर्टों के अनुसार उसी मेमो में छंटनी के संकेत दिए गए थे। उन्होंने लिखा कि कंपनी को अपने काम करने के तरीके में बदलाव करना होगा, तेज गति से काम करने वाली टीम तैयार करनी होगी और दीर्घकालिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाना होगा। इसके लिए कठिन प्राथमिकताएं तय करनी पड़ेंगी और कुछ क्षेत्रों में समझौते भी करने होंगे।
दिलचस्प बात यह है कि लिंक्डइन का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। Microsoft के वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार 31 मार्च को समाप्त तिमाही में लिंक्डइन की आय में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बावजूद कंपनी एआई आधारित पुनर्गठन और निवेश योजनाओं के कारण कर्मचारियों की संख्या घटा रही है।
सिर्फ लिंक्डइन ही नहीं, उसकी मूल कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भी हाल में ‘बायआउट ऑफर’ की घोषणा की है। इसके तहत कंपनी के लगभग 7 प्रतिशत कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार यह संख्या करीब 8,750 कर्मचारियों तक पहुंच सकती है।