🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

त्विषा शर्मा केस में नया मोड़, सास गिरिबाला सिंह ने लगाए मानसिक बीमारी के आरोप

दहेज प्रताड़ना बनाम मानसिक बीमारी का दावा, त्विषा शर्मा मौत मामले में नया विवाद

भोपाल : पूर्व ‘मिस पुणे’ त्विषा शर्मा की मौत के मामले में अब उनके ससुराल पक्ष की ओर से भी कई गंभीर दावे सामने आए हैं। त्विषा के परिवार ने जहां ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए है वही दूसरी ओर उनकी सास गिरिबाला सिंह ने दावा किया है कि त्विषा मानसिक बीमारी ‘स्किजोफ्रेनिया’ से पीड़ित थीं।

इस मामले में गिरिबाला सिंह और उनके बेटे तथा त्विषा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है जबकि समर्थ सिंह को राहत नहीं मिली और घटना के बाद से वह फरार बताए जा रहे हैं।

मीडिया से बातचीत में गिरिबाला सिंह ने कहा, “त्विषा स्किजोफ्रेनिक थी। उसका मूड अचानक बदल जाता था। घटना वाले दिन हम सभी साथ बैठकर टीवी देख रहे थे। अचानक वह उठकर घर की छत पर चली गई और फिर यह घटना हुई। संभव है कि उसने उस दिन दवा नहीं ली हो। दवा खाने के लिए कहने पर वह नाराज हो जाती थी। वह कहती थी— मुझे मजबूर मत करो, मुझ पर नजर मत रखो। खाना खाने के लिए कहने पर भी वह चिल्लाने लगती थी और कहती थी कि क्या मुझे भैंस की तरह मोटा बनाना चाहते हो?”

गिरिबाला सिंह ने यह भी दावा किया कि त्विषा गर्भावस्था के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन करती थीं और इसी कारण उनका गर्भपात हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके बेटे समर्थ सिंह ने विवाह को बचाने की बहुत कोशिश की थी। उनके अनुसार, “जिस दिन त्विषा को फंदे से लटका देखा गया, समर्थ बुरी तरह रो रहा था। उसने तुरंत बेल्ट हटाकर सीपीआर देने की कोशिश की। हम तुरंत गाड़ी निकालकर उसे अस्पताल ले गए। लेकिन अब हमें ही अपराधी बनाया जा रहा है।”

हालांकि त्विषा के परिवार ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है। परिवार का आरोप है कि भोपाल स्थित घर से मात्र दस मिनट की दूरी पर अस्पताल होने के बावजूद त्विषा को लगभग एक घंटे बाद वहां ले जाया गया। त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा, “हमने शादी से पहले और बाद में मिलाकर लगभग आठ लाख रुपये दिए थे। वे लोग मेरी बेटी की कमाई पर भी नजर रखते थे। अब उसकी मौत के बाद उसी पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।”

त्विषा शर्मा कई ब्यूटी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी थीं और एक बार ‘मिस पुणे’ का खिताब भी जीत चुकी थीं। इसी संदर्भ में गिरिबाला सिंह ने आरोप लगाया कि त्विषा के माता-पिता ने उन्हें ग्लैमर की दुनिया में धकेलकर पैसा कमाया लेकिन उनकी सही देखभाल नहीं की। उन्होंने यह भी दावा किया कि विवाह के बाद पांच महीने तक त्विषा के माता-पिता ने उनकी कोई खबर नहीं ली।

इस बीच त्विषा और उनकी मां के बीच हुई व्हाट्सऐप बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट भी सामने आए हैं। इन संदेशों में त्विषा ने कथित तौर पर बार-बार ससुराल में हो रही प्रताड़ना का जिक्र किया था। उन्होंने यह भी लिखा था कि उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की पितृत्व पर सवाल उठाए जा रहे थे। कई संदेशों में वह अपनी मां से उन्हें घर वापस ले जाने की गुहार लगाती दिखाई दीं। बेटी की मौत के बाद उनके पिता ने कहा “मुझसे गलती हो गई। काश मैं उसे पहले ही घर वापस ले आता।”

दूसरी ओर इस मामले की पुलिस जांच में भी कई तरह की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। जिस बेल्ट से त्विषा का शव लटका मिला था, उसे शुरुआत में फॉरेंसिक जांच के लिए नहीं भेजा गया। इसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गले पर मिले निशान उसी बेल्ट के थे या नहीं। बाद में उस बेल्ट को घटनास्थल से बरामद कर फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया।

इसके अलावा, त्विषा के ससुराल में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस द्वारा शुरुआती चरण में फुटेज एकत्र नहीं किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Articles you may like: