नई दिल्ली : देश के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र ने नई पहल की है। मंगलवार को नई दिल्ली में डाक विभाग की तीन नई प्रीमियम डिलीवरी सेवाएं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने शुरू कीं। नई सेवाएं हैं— 24 स्पीड पोस्ट, 48 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल। इन सेवाओं का उद्देश्य तेज और निश्चित समय के भीतर डिलीवरी सुनिश्चित करना है।
सरकार का लक्ष्य देश की लॉजिस्टिक व्यवस्था को आधुनिक बनाना और डिलीवरी की गति व दक्षता बढ़ाना है। कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि यह कदम भारतीय डाक प्रणाली के लिए एक बड़ा बदलाव है और इससे ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आज हम दुनिया भर के लाखों ग्राहकों को बता रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट, देश के हर नागरिक और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन सेवाओं का पिछले तीन महीनों से परीक्षण किया जा रहा था, जिसके बाद इन्हें औपचारिक रूप से शुरू किया गया है।
24 स्पीड पोस्ट और 24 स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के तहत छह बड़े मेट्रो शहरों के बीच एक दिन के भीतर डिलीवरी की जाएगी। ये शहर हैं— नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद।
इस सेवा में रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा होगी। ओटीपी के जरिए डिलीवरी की पुष्टि की जाएगी और देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान रहेगा। रविवार और छुट्टी के दिनों में भी डिलीवरी की जाएगी, हालांकि राष्ट्रीय छुट्टियों पर सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
वहीं, 48 स्पीड पोस्ट सेवा के तहत दो दिनों के भीतर डिलीवरी की जाएगी। यह मुख्य रूप से दस्तावेज भेजने के लिए एक भरोसेमंद और समयबद्ध सेवा होगी। इसमें ट्रैकिंग और एसएमएस अलर्ट की सुविधा भी रहेगी।
शुरुआत में ये सेवाएं छह मेट्रो शहरों में लागू की गई हैं। धीरे-धीरे इन्हें टियर-1 और टियर-2 शहरों तक बढ़ाया जाएगा। इस पहल से ई-कॉमर्स कंपनियों, छोटे व्यवसायों, स्टार्ट-अप और आम ग्राहकों को फायदा होगा और पार्सल की डिलीवरी पहले से अधिक तेज हो सकेगी।