रांची: दांत निकालने के दौरान झारखंड के पलामू जिले की एक महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम विजयन्ती देवी है। मंगलवार को वह हरिहरगंज शहर के एक निजी क्लिनिक में दांत निकलवाने गई थीं। दांत निकालने के बाद वहीं उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। साथ आए परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही क्लिनिक के मालिक और डॉक्टर अशरफ अली फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, विजयन्ती मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के कासिमपुर की रहने वाली थीं लेकिन झारखंड के पलामू जिले में रहती थीं। मृतका के परिवार ने डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए हरिहरगंज थाने में मामला दर्ज कराया है।
परिवार की शिकायत के आधार पर स्थानीय प्रशासन ने उस निजी क्लिनिक को बंद कर दिया है। हरिहरगंज थाने की पुलिस डॉक्टर की तलाश में जुटी है। देश में इलाज में लापरवाही के कारण मौत के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पिछले साल दिसंबर में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक झोलाछाप डॉक्टर ने यूट्यूब देखकर एक महिला के किडनी से पथरी निकालने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।