शिमला : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने एक नवविवाहित दंपती को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुंदरनगर स्थित एक होटल में की गई जहां से पुलिस ने 21.01 ग्राम ‘चिट्टा’ (मिलावटी हेरोइन) बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अरुण भट्टी और पारुल गुलेरिया के रूप में हुई है जो मंडी के ही निवासी हैं और हाल ही में विवाह बंधन में बंधे थे। दोनों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सुंदरनगर के एक होटल में ठहरे कुछ लोग नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की, जहां से दंपती को मादक पदार्थों के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 19,510 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।