मोतीहारी। प्रियंका गांधी ने बिहार में शक्ति अधिकार महिला संवाद के माध्यम से कांग्रेस की मजबूत एंट्री कराई। उन्होंने मोदी सरकार और नीतीश कुमार की 20 साल की सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि सरकारें महिलाओं को केवल पैसे का लालच देकर वोट लेना चाहती हैं पर उनके सशक्तिकरण पर ध्यान नहीं देतीं।
प्रियंका ने मंच से पूछा- का हाल बा। इसके साथ ही बोलीं कि हाल बदलने का समय आ गया है। बदलाव का वक्त है। बदलाव लाओ।
सत्ता में 20 साल से बैठे हैं वोट चोर-प्रियंका
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने मोतिहारी के गांधी मैदान में शुक्रवार को 'हर घर अधिकार यात्रा' को संबोधित किया। बिहार में अपनी पहली सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि सत्ता में 20 सालों से वोट चोर बैठे हुए हैं। अपने भाषण के दौरान उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप और मोदी के रिश्तों का भी जिक्र किया।
बिहार से पहले आईएएस निकलते थे, अब मजदूर निकलते हैं
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर वोट चोरी और सामाजिक ध्रुवीकरण के आरोप लगाते हुए कहा कि पहले वे धर्म के आधार पर लोगों को बांटते थे, अब घुसपैठियों का नाम लेते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहे हैं, विशेषकर पिछड़े, अतिपिछड़े, महिलाएं और दलित वर्ग के लिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में जनता के अधिकारों को मजबूत किया। आपकी शक्ति को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में यहां से आईएएस निकलते थे लेकिन आज यहां से सिर्फ मजदूर निकल रहे हैं।
मोदी को जनता की नहीं अडानी और अंबानी की फिक्र
इस दौरान कांग्रेस सांसद ने अडानी, अंबानी को मोदी का दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि आज देश में बड़े-बड़े उद्योग अडानी और अंबानी के हैं। सरकार को जनता की नहीं, अडानी और अंबानी की फिक्र है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने भागलपुर में एक बड़े कारोबारी घराने को कथित तौर पर सस्ती दरों पर 10,000 एकड़ से अधिक जमीन लीज पर दिए जाने और अमेरिका द्वारा लगाए गए उन शुल्कों का भी जिक्र किया जो बिहार में बड़ी मात्रा में पैदा होने वाले मखाना के निर्यात को प्रभावित कर सकते हैं।