पटना। बिहार में चुनावी सरगर्मियां अब बढ़ गयी हैं। एनडीए के खिलाफ एकजुट हो रही ताकतों को बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) में हराने के लिए भाजपा सोच समझ कर नयी बिसात तैयार कर रही है। 'भाजपा के चाणक्य' कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में एक बड़ी बैठक की और एनडीेए की 'जीत का चक्रव्यूह' रच डाला।
अमित शाह ने प्रवासी सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर विपक्ष को घेरने का ऐसा चक्रव्यह रचा है जिसे भेद पाना आसान नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर एनडीए को जिताने का मंत्र दिया। उन्होंने एनडीए को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतर कर जी जान से काम में लग जाने का निर्देश दिया है।
इससे पहले पटना में हुई बैठक में राष्ट्रीय स्तर के 40 बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में बिहार चुनाव को लेकर गहन मंथन हुआ। पटना में भाजपा दफ्तर में हुई बैठक में बिहार चुनाव के लिए भाजपा के चुने गए प्रत्याशियों की लिस्ट अमित शाह को सौंपी गई। हालांकि इस लिस्ट में किसका-किसका नाम है, इसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले बिहार में भाजपा नेताओं के साथ बैठक में अमित शाह ने चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत करने, उम्मीदवारों के चयन और चुनाव की रणनीति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दे दी है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने बताया बैठक में क्या हुआ
अमित शाह के साथ हुई बैठक समाप्त होने के बाद बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बहुत ही बारीकी से अमित शाह ने इस बैठक के माध्यम से बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी की गहन समीक्षा की। भाजपा के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग दो दिनों पहले प्रदेश स्तर पर की गई थी जिसकी रिपोर्ट अमित शाह को सौंपी गई है।
चुनाव जीतने की रणनीति बनी
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने आगे कहा कि बैठक में शामिल हुए राष्ट्रीय स्तर के 40 नेताओं को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेवारी सौंपी गई है। जितने विधानसभा हैं वहां बारीकी के साथ चुनाव कैसे लड़ा जाय इस पर चर्चा हुई। दो तिहाई सीटों पर जीत कैसे हासिल होगी इसी पर चर्चा हुई।
भाजपा के 40 वरिष्ठ नेताओं को बिहार की 40 लोकसभा सीटों की कमान सौंपी गई। बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों को 40 लोकसभा सीटों में बांटकर भाजपा ने अपनी चुनावी रण्नीति तय की है।
उम्मीदवारों की लिस्ट तैयारः दिलीप जायसवाल
दिलीप जायसवाल ने आगे बताया कि बैठक में सीटिंग विधायकों पर चर्चा हुई है। आज हम चयन किए हुए उम्मीदवारों की सूची अपने चुनाव प्रभारी और संगठन महामंत्री को हम सौंप देंगे।भाजपा अध्यक्ष के बयान से स्पष्ट था कि बिहार चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार हो चुकी है।
अमित शाह का बंगाल दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के साथ ही पश्चिम बंगाल पर भी अपनी नजर बनाए हुए हैं। अमित शाह गुरुवार रात कोलकाता पहुंचे और नवरात्रि के अवसर पर दुर्गा पूजा समारोहों में हिस्सा लिया। तृणमूल ने शाह के बंगाल दौरे का मजाक उड़ाया है।
शाह का 'मिशन बिहार'
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हर बैठक खास है। ऐसे समय में अमित शाह का मिशन बिहार दौरा अहम हो जाता है। इसके पहले भी उन्होंने दस दिनों के अंदर बिहार के कई दौरे किये हैं।
फिलहाल अमित शाह बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने 27 सितंबर को बिहार के अररिया, सारण और वैशाली में कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। इससे साफ जाहिर होता है कि शाह कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहते हैं।
माना जा रहा है कि भाजपा के चाणक्य अमित शाह बिहार में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। इधर शाह का बंगाल दौरा भी पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी गलियारों में गहमागहमी का माहौल तैयार कर रहा है। तृणमूल ने जहां शाह के बंगाल दौरे को राजनीतिक पर्यटन कह कर तंज कसा। वहीं भाजपा ने दावा किया कि अगले साल होने वाले बंगाल विधानसभा चुनाव में उसे पूर्ण बहुमत हासिल होगा।