इस वर्ष रंगों का पर्व होली एक दुर्लभ खगोलीय संयोग के साथ मनाया जाएगा। 3 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। खास बात यह है कि यह ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य होगा। ग्रहण के दौरान चंद्रमा का रंग गहरा लाल दिखाई देता है। इसी कारण इसे ब्लड मून कहा जाता है। जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, तब सूर्य की किरणें पृथ्वी के वायुमंडल से होकर मुड़ती हैं और चंद्रमा पर लाल आभा बिखेरती हैं। यह दृश्य न केवल वैज्ञानिक दृष्टि से रोचक होता है, बल्कि आस्था और परंपरा से भी जुड़ा हुआ है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण और सूतक काल में मांगलिक या शुभ कार्यों से परहेज किया जाता है। इस दौरान पूजा-पाठ, नए कार्यों की शुरुआत या किसी भी प्रकार के शुभ आयोजन को टालने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि ग्रहण काल में नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ जाता है इसलिए संयम और सावधानी बरतनी चाहिए।
भारत में चंद्र ग्रहण का समय
3 मार्च को चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। सूतक काल ग्रहण लगने से 9 घंटे पहले आरंभ हो जाता है। इस अनुसार, सूतक काल सुबह 6 बजकर 20 मिनट से प्रभावी होगा। सूतक के दौरान मूर्ति स्पर्श, भोजन पकाना या भोजन करना वर्जित माना जाता है। दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक देश के विभिन्न शहरों में ग्रहण का समय लगभग समान रहेगा, क्योंकि यह खगोलीय घटना पूरे भारत में दृश्य होगी। होली के उत्सव के बीच आसमान में दिखने वाला यह लाल चंद्रमा निश्चित ही लोगों के लिए एक यादगार और रोमांचक अनुभव साबित होगा।
दिल्ली से लेकर बेंगलुरु तक, कितने बजे दिखेगा ब्लड मून?
1. दिल्ली- शाम 06:26 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 20 मिनट)
2. प्रयागराज- शाम 06:08 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 38 मिनट)
3. कानपुर- शाम 06:14 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 32 मिनट)
4. वाराणसी- शाम 06:04 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 43 मिनट)
5. पटना- शाम 05:55 से लेकर शाम 06:46 तक ( कुल 51 मिनट)
6. रांची- शाम 05:55 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 51 मिनट)
7. कोलकाता- शाम 05:43 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 1 घंटा 03 मिनट)
8. भुवनेश्वर- शाम 05:54 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 52 मिनट)
9. गुवाहाटी- शाम 05:27 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 1 घंटा 19 मिनट)
10. चेन्नई- शाम 06:21 से लेकर शाम 06:46 तक ( कुल 26 मिनट)
11. हैदराबाद- शाम 06:26 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 20 मिनट)
12. बेंगलुरु- शाम 06:32 से लेकर शाम 06:46 तक (कुल 14 मिनट)