कोलकाता : सॉल्टलेक के करूणामयी में आयोजित 49वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का आज तीसरा दिन रहा। सप्ताह का अंतिम कार्यदिवस होने के बावजूद बड़ी संख्या में पाठक और पुस्तक प्रेमी मेले में पहुंचे। पुस्तक मेला आयोजकों के अनुसार आज लगभग 3.5 लाख लोगों ने मेले का दौरा किया, जो पिछले दो दिनों की तुलना में करीब एक लाख अधिक है। लगातार बढ़ती भीड़ से यह साफ है कि पाठकों में पुस्तकों के प्रति उत्साह दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है।
मेले में केवल पुस्तक प्रेमी ही नहीं, बल्कि साहित्यिक चर्चाओं में रुचि रखने वाले लोग भी बड़ी संख्या में नजर आए। विभिन्न प्रकाशकों के स्टॉल पर नई पुस्तकों का अनावरण हुआ और कई प्रसिद्ध लेखकों से पाठकों ने सीधा संवाद किया।
किताबों के स्टॉल के साथ-साथ खाने-पीने के स्टॉल पर भी जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड और चाइनीज व्यंजनों के स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र रहे। जगह-जगह चाय-कॉफी के स्टॉल लगे थे जहां एक हाथ में किताब और दूसरे हाथ में कुल्हड़ में चाय या कॉफी लिए पाठक साहित्य पर चर्चा करते दिखे।
चूंकि अगले दिन भी अवकाश है, आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मेले की भीड़ और बढ़ेगी।