कोलकाता : कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में इस वर्ष भारतीय डाक ने पाठकों और आगंतुकों के लिए कई उपयोगी और जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराकर खास पहचान बनाई। मेले में आए पुस्तक प्रेमी अब केवल किताबें खरीदकर घर ले जाने तक सीमित नहीं रहे बल्कि भारतीय डाक के विशेष काउंटरों से उन्हें देश के किसी भी कोने में सीधे भेजने की सुविधा भी मिली। खरीदी गई पुस्तकों की यहीं पर सुरक्षित पैकिंग की गई और वहीं से बुकिंग कर ग्राहक निश्चिंत होकर खाली हाथ घर लौटे।
इस सुविधा का लाभ खासतौर पर उन अभिभावकों ने उठाया जिनके बच्चे बाहर या विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं। इसके साथ ही आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक कराने की सुविधा भी मेले में उपलब्ध रही। जिन लोगों का अब तक आधार-मोबाइल लिंक नहीं हो पाया था उन्होंने मौके पर ही यह प्रक्रिया पूरी कराई जिससे उन्हें विभिन्न डिजिटल और सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।
भारतीय डाक ने मेले में अपनी लोकप्रिय योजनाओं की भी जानकारी दी। ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ के बारे में विस्तार से बताया गया जिसमें 10 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए खाता खोलकर 18 वर्ष तक निवेश किया जा सकता है। इस योजना में आकर्षक ब्याज दर और भविष्य में शिक्षा या विवाह के लिए सुरक्षित राशि की सुविधा है।
इसके अलावा कस्टमाइज्ड फोटो स्टांप की सुविधा भी आकर्षण का केंद्र रही। मात्र 10 मिनट में तैयार होने वाले इन स्टांप को गिफ्ट के रूप में भी खरीदा गया। साथ ही दुर्लभ डाक टिकट, विशेष कैलेंडर और स्मारक टिकटों की बिक्री भी खूब हुई। भारतीय डाक के प्रतिनिधि धर्मेंद्र मंडल और उनकी सहयोगी संगीता कोले ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी डाक विभाग का स्टॉल लोगों के बीच खासा लोकप्रिय रहा और अगले वर्ष भी इसी उत्साह के साथ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।