1 फरवरी अंतर्राष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला 2026 का आखिरी रविवार था। इसलिए इस दिन पुस्तक प्रेमियों की भारी भीड़ कोलकाता पुस्तक मेले में उमड़ी। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पुस्तक मेले में लगभग 4.3 लाख लोगों का जनसैलाब उमड़ा। पिछले रविवार को पुस्तक मेले में पहुंचने वाले पुस्तक प्रेमियों की संख्या लगभग 4 लाख बतायी जाती है।
वहीं दूसरी ओर आखिरी रविवार को अंतर्राष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। रविवार की शाम को पुस्तक मेले में अचानक आग लग गयी। आनंदबाजार पत्रिका की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार आग पुस्तक मेला के गेट नंबर 9 के पास एक स्टॉल में लगी।
स्टॉल से आग की हल्की चिंगारी उठते हुए देखा गया। हालांकि इसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया जिससे कोई बड़ा हादसा या नुकसान नहीं हुआ। आग क्यों लगी इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है।
बताया जाता है कि शाम को करीब 6.10 बजे पुस्तक मेले के स्टॉल नंबर 9 के पास वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई का एक स्टॉल है। अचानक स्टॉल का ट्यूबलाइट बुझ गया। उस समय स्टॉल पर मौजूद एसएफआई के नेताओं ने पुस्तक मेले के आयोजक पब्लिसर्श एंड बुकसेलर्स गिल्ड को घटना की सूचना देने के लिए कुछ लोगों को भेजा। उसी दौरान कथित तौर पर स्टॉल के ऊपरी हिस्से से आग की चिंगारी निकलती दिखाई दी। इसके साथ ही आसपास के कुछ स्टॉल्स की लाइट भी बुझ गयी।
संभावना जतायी जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ही इन स्टॉल्स की लाइट बुझ गयी होगी। हालांकि आग की वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और उसे तुरंत नियंत्रित कर लिया जा सका था। बताया जाता है कि आग की वजह से साज-सज्जा को थोड़ा नुकसान हुआ है लेकिन किताबों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।