🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रिकॉर्ड 32 लाख पाठकों संख्या के साथ संपन्न हुआ कोलकाता पुस्तक मेला

रिकॉर्ड सफलता के साथ संपन्न हुआ 49वां अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला

By रजनीश प्रसाद

Feb 04, 2026 08:56 IST

कोलकाता : एशिया के सबसे बड़े पुस्तक आयोजनों में शामिल 49वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले 2026 का समापन समारोह भव्य रूप से पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड के कार्यालय के सामने स्थापित विशाल मंच पर आयोजित किया गया। समारोह में पब्लिशिंग जगत से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, गिल्ड के पदाधिकारी, लेखक, प्रकाशक और बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड के महासचिव त्रिदीव कुमार चटर्जी ने बताया कि इस वर्ष पुस्तक मेले में रिकॉर्ड 32 लाख पाठक और दर्शक पहुंचे। इतनी बड़ी उपस्थिति ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि कोलकाता पुस्तक मेला न केवल भारत, बल्कि पूरे एशिया का सबसे बड़ा और लोकप्रिय पुस्तक मेला है। उन्होंने कहा कि पाठकों का यह उत्साह साहित्य और ज्ञान के प्रति समाज की गहरी रुचि को दर्शाता है।

गिल्ड के अध्यक्ष सुधांशु शेखर डे ने जानकारी दी कि इस वर्ष पुस्तक खरीद-बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जहां पुस्तक बिक्री का आंकड़ा 23 करोड़ रुपये था वहीं 2026 में इसमें रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली जो मात्र 12 दिनों के भीतर हासिल की गई। यह उपलब्धि प्रकाशकों, विक्रेताओं और पाठकों तीनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

समारोह में बिधाननगर की महापौर कृष्णा चक्रवर्ती, गिल्ड के कोषाध्यक्ष राजू बर्मन, कार्यकारिणी समिति सदस्य सुदीप्त डे तथा आईकेबीएफ के निदेशक श्रीबिंदु भट्टाचार्य भी मंच पर मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने मेले की सफलता पर प्रसन्नता जताई और इसे साहित्यिक संस्कृति के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

पुस्तक मेले के औपचारिक समापन की घोषणा पारंपरिक रीति से रात 9:05 बजे 49 बार हैमरिंग (हथौड़ा प्रहार) के माध्यम से की गई। इस प्रतीकात्मक परंपरा के साथ ही 49वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले का सफल समापन हुआ, और अगले वर्ष और भी बड़े आयोजन की उम्मीद के साथ विदाई ली गई।

Prev Article
कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में भारतीय डाक की बहुआयामी सेवाओं ने खींचा ध्यान

Articles you may like: