32 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करवा चुकी हूं। बाकियों का नाम भी शामिल करवाऊंगी। उत्तर 24 परगना के मिनाखां में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित अपनी सभा से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने उक्त संदेश दिया। गुरुवार को आयोजित इस चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोगों के अस्तित्व की लड़ाई है, बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई है।
ममता बनर्जी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब भी भाजपा शासित राज्यों में बंगाल से लोग जाते हैं तो उन्हें बांग्लादेशी कहा जाता है लेकिन दिल्ली से भाजपा नेता बंगाल में आकर 'सोनार बांग्ला' गढ़ने की बात करते हैं। बुधवार को ओडिशा में बांग्लाभाषियों पर अत्याचार होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने तीखा वार करते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को चैत्र सेल की तरह बेच दिया है।
32 लाख लोगों का नाम किया शामिल
ममता बनर्जी ने दावा करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जाकर मैंने 32 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करवाया है। भविष्य में बाकियों का नाम भी शामिल करवाऊंगी। मुझे बस एक ही चिंता है कि उनका (डिलिटेड लोगों) नाम वोटर लिस्ट में शामिल होने के बाद उनका अस्तित्व तो रहेगा लेकिन वे वोट नहीं दे सकेंगे।
Read Also | मतुआ वोटरों के समर्थन में ममता का ऐलान— ‘नाम काटे तो संघर्ष रुकने वाला नहीं
ममता बनर्जी ने एक बार फिर से आरोप लगाते हुए कहा कि असम की तरह बंगाल में भी NRC करने की केंद्र सरकार की योजना है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 90 लाख लोगों का नाम हटाया गया है। पता है क्यों वोट काटा जा रहा है? अगली योजना NRC की है। 6 साल पहले असम में किया था। 19 लाख लोगों का नाम (मतदाता सूची से) काट कर उन्हें डिटेंशन कैम्प भेज दिया था। इसमें से 13 लाख हिंदू और 6 लाख मुसलमान थे। चूंकि हम यहां डिटेंशन कैम्प नहीं बनाने देंगे इसलिए भाजपा इस तरह से बंगाल पर दखल करना चाहती है।
बंगाल को अपमानित कर नहीं जीत सकती भाजपा
ममता बनर्जी ने मांसाहार खाने के मुद्दे पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बंगाल का अपमान करके, दूसरे राज्य में बांग्लाभाषियों को अपमानित कर चुनाव में जीतना संभव नहीं है। बनर्जी ने कहा कि जिसका जो मन होगा वह खाएगा। मछली की भेड़ी में जो मछली पाल रहे हैं, भविष्य में क्या खाएंगे? सब बंद कर देंगे। भाजपा को अगर वोट दिया गया तो सब कुछ चला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले हिलसा मछली के लिए बांग्लादेश पर निर्भर होना पड़ता था लेकिन साल 2013 में हिलसा के लिए डायमंड हार्बर में रिसर्च सेंटर बनाया गया है। पहले हैदराबाद से अंडे मंगाए जाते थे लेकिन अब बंगाल इस क्षेत्र में भी पर्याप्त है। छोटी मछलियों और मछली के अंडे अब दूसरे राज्यों से मंगवाकर नहीं खाना पड़ता है।
अपनी सभा से संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ₹500 देकर जुलूस में बुलाया जाता है। एजेंसी के माध्यम से रुपए देने की कोशिशें चल रही हैं। वहीं रुपए जमा कर सीबीआई-ईडी से तलाशी अभियान चलवाया जाता था।