पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपना दमखम दिखा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज (9 अप्रैल) हल्दिया से सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा, 'मंत्री हों या संतरी, कोई भी नहीं बचेगा। सबका हिसाब होगा। सभी को जेल भेजा जाएगा!' उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल शासनकाल में जिन लोगों का नाम भी भ्रष्टाचार में शामिल रहा है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्य के मंत्री भी नहीं बचेंगे!
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में 'मोदी की गारंटी' के तहत 6 प्रमुख बातों का जिक्र भी किया।
मोदी की 6 गारंटी :-
भयमुक्त परिवेश
जिम्मेदार सरकार
भ्रष्टाचारों की जांच
कठोर कानून व्यवस्था
घुसपैठ पर रोक
7वां वेतन आयोग
Read Also | Puducherry Election : मतदान बूथ पर वोटरों का स्वागत कर रही है फ्यूचरीस्टिक रोबोट 'नीला', Video
पहले भी जब लोकसभा चुनाव के समय या फिर विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए नरेंद्र मोदी राज्य में आएं उन्होंने हर बार अपने भाषण में 'परिवर्तन का आह्वान' किया था। हर बार उन्होंने तृणमूल के खिलाफ कड़ा रूख अपनाते हुए राज्य में ‘जंगलराज’ खत्म करने का आह्वान किया। अब जैसे-जैसे राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखें करीब आती जा रही है, पीएम मोदी सत्ता में सिर्फ परिवर्तन ही नहीं बल्कि 'भ्रष्टाचारी' नेताओं व मंत्रियों से 'हिसाब' लेने की चेतावनी देते हुए भी नजर आ रहे हैं।
गुरुवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के जिले पूर्व मिदनापुर के औद्योगिक शहर हल्दिया की सभा को संबोधित करते हुए उनके मुंह से उक्त बातें ही सुनने को मिली।
सबका साथ-सबका विकास, 'लुटेरों' का हिसाब
नरेंद्र मोदी ने हल्दिया के सभा मंच से करीब 55 मिनट तक भाषण दिया लेकिन इस दौरान उन्होंने काफी समय तक तृणमूल के खिलाफ भ्रष्टाचार और वसूली के खिलाफ आरोप लगाए। उन्होंने बार-बार सख्त चेतावनी के लहजे में बार-बार भ्रष्टाचार में शामिल नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब पश्चिम बंगाल में कानून का शासन होगा।
किसी भी अत्याचारी को नहीं छोड़ा जाएगा। सबका हिसाब होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में सिर्फ कल्याणकारी सरकार बनाने का लक्ष्य ही नहीं बल्कि 'बदला' लेने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में सबका साथ, सबका विकास होगा और लुटेरों का हिसाब होगा। इसे उन्होंने मोटी की गारंटी करार दी।
Read Also | शांतिपूर्ण चुनाव के लिए आयोग कर रही है कौन-कौन से पुख्ता इंतजाम?
जरूरी है 'डबल इंजन' सरकार
प्रधानमंत्री ने पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, आयुष्मान भारत और चाय बागानों के लिए श्रमिकों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू न करने का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। हालांकि इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का न तो नाम लिया और न ही एक बार भी 'दीदी' शब्द का उच्चारण किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम शब्द से इनको इतनी नफरत है कि परियोजनाओं का सीधा नाम ही बदल देते हैं या फिर केंद्र सरकार की परियोजनाओं को लागू ही नहीं किया गया था।
पीएम तो संवैधानिक शब्द है। जनता का शब्द है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि तृणमूल की सरकार केंद्र की परियोजनाओं को लागू नहीं होने देती है, जिसकी वजह से आम जनता समस्या में पड़ जाती है। अगर प्रधानमंत्री (PM) और मुख्यमंत्री (CM) साथ मिलकर काम करते हैं तो जनता का भला होगा। इसलिए 'डबल इंजन' सरकार की जरूरत है।
Read Also | TMC ने 'खेला होबे' को बनाया डिजिटल, चुनावी मैदान में लॉन्च किया सांप-सीढ़ी का खेल
पिछले विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम के रिजल्ट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 5 साल पहले नंदीग्राम में बदलाव आया था। इस बार भवानीपुर में भी होगा। पूरे बंगाल में भी होगा। हल्दिया के औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति का उदाहरण देते हुए उन्होंने तृणमूल की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां उद्योग बंद पड़े हैं।
पहले बाहर से लोग यहां काम करने आते थे लेकिन अब स्थानीय लोग काम करने के लिए दूसरे राज्यों में और अंडमान में जाते हैं। उन्होंने तृणमूल सरकार पर धर्म के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल अपने वोट बैंक को बचाने के लिए धर्म देखकर संरक्षण देती है। इस मुद्दे पर कोर्ट ने बार-बार उन्हें फटकार भी लगायी है लेकिन वे नहीं रुके। भाजपा यहां संविधान के आधार पर काम करेगी। जिसका जो अधिकार है, भाजपा उसे वह अधिकार देगी।