कैलिफोर्निया : मनोरंजन जगत की दिग्गज कंपनी Disney (डिज्नी) आने वाले हफ्तों में बड़ी छंटनी की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी लगभग 1000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। यह जानकारी The Wall Street Journal की रिपोर्ट में सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कंपनी के नए सीईओ Josh D'Amaro के कार्यभार संभालने के बाद यह पहली बड़ी छंटनी होगी। हालांकि रिपोर्ट के अनुसार यह योजना उनके पद संभालने से पहले ही शुरू हो चुकी थी। मार्च में उन्होंने सीईओ का पद संभाला था। अभी तक कंपनी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
Reuters की रिपोर्ट के अनुसार यह छंटनी कंपनी के कुल कर्मचारियों के 1 प्रतिशत से भी कम को प्रभावित करेगी। वित्त वर्ष 2025 के अंत तक डिज्नी में लगभग 2.31 लाख कर्मचारी कार्यरत थे। माना जा रहा है कि सबसे ज्यादा असर मार्केटिंग विभाग पर पड़ेगा जिसे हाल ही में एकीकृत (कंसोलिडेट) किया गया है।
खर्च कम करने के लिए डिज्नी लंबे समय से कई कदम उठा रही है। कंपनी का फोकस अब विभिन्न विभागों को एक साथ लाकर डिजिटल कारोबार को मजबूत करने पर है। जनवरी में एंटरटेनमेंट, एक्सपीरियंस और स्पोर्ट्स इन तीनों के मार्केटिंग विभाग को मिलाकर एक कर दिया गया। इसकी जिम्मेदारी चीफ मार्केटिंग ऑफिसर Asad Ayaz को दी गई है। इस पूरी योजना को ‘प्रोजेक्ट इमेजिन’ नाम दिया गया है।
गौरतलब है कि 2022 से अब तक डिज्नी 8000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी कर चुकी है। उस समय कंपनी के पूर्व प्रमुख Bob Iger ने बड़े स्तर पर संगठनात्मक बदलाव किए थे।
हालांकि छंटनी के बीच एक सकारात्मक खबर भी है। डिज्नी ने बताया है कि पेरिस के डिज्नीलैंड में नए प्रोजेक्ट के शुरू होने पर करीब 1000 नई नौकरियां भी पैदा होंगी। सीईओ जोश डी'अमारो ने कहा कि कंपनी दुनिया का नंबर-1 पर्यटन गंतव्य बने रहने के लिए लगातार निवेश कर रही है।
कुल मिलाकर डिज्नी लागत कम करने और अपने कारोबार को नए सिरे से मजबूत करने के लिए यह बड़ा कदम उठा रही है।