बेरूतः इजराइल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने गुरुवार को बताया कि बेरूत में रात भर किए गए हवाई हमले में हिजबुल्लाह के सचिव नैम कासेम के भांजे और निजी सचिव अली यूसुफ हर्शी को मार दिया गया। IDF ने अपने टेलीग्राम स्टेटमेंट में कहा कि हर्शी कासेम का करीबी सलाहकार और उसके ऑफिस की सुरक्षा और प्रबंधन में केंद्रीय भूमिका निभाता था।
स्ट्रैटेजिक ठिकानों पर हमले
IDF ने दावा किया कि लेबनान के साउथ और बेरूत के आसपास हिजबुल्लाह के इन्फ्रास्ट्रक्चर को लक्षित करते हुए लगभग 10 साइट्स पर हवाई हमले किए गए। इसमें हथियार भंडार, रॉकेट लॉन्चर और कमांड सेंटर शामिल थे। लितानी रिवर के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच हिजबुल्लाह के मूवमेंट के दो रणनीतिक क्रॉसिंग्स को भी निशाना बनाया गया।
ग्राउंड ऑपरेशन और हथियार बरामदगी
IDF की 162वीं डिवीजन ने साउथ लेबनान में ग्राउंड ऑपरेशन जारी रखा। 401वीं ब्रिगेड ने भूमिगत शाफ्ट की खोज की, जिसमें एक मिलिटेंट को मार गिराया गया और विस्फोटक, रॉकेट, RPG लॉन्चर और ग्रेनेड बरामद किए गए। 215वीं फायर ब्रिगेड के ऑपरेशन में 70 से अधिक मिलिटेंट मारे गए, जिनमें मोर्टार हमले की तैयारी कर रहे कुछ समूह भी शामिल थे।
सीजफायर पर तनाव
ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम पर तनाव है। तेहरान का कहना है कि इस शांति समझौते में इजरायल द्वारा लेबनान में किए गए सैन्य ऑपरेशन भी शामिल हैं। वहीं, अमेरिका और इजरायल का दावा है कि सीजफायर हिजबुल्लाह लक्ष्यों पर लागू नहीं होती। इस असहमति ने कूटनीतिक प्रयासों को और जटिल बना दिया है और सीजफायर (ceasefire) के टूटने का खतरा बढ़ा दिया है।