पानीहाटी से भाजपा प्रत्याशी आरजी कर कांड की पीड़िता 'अभया' की मां ने नामांकन दाखिल किया। गुरुवार को पानीहाटी से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ रैली निकाल कर उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके पति और अभया के पिता भी मौजूद थे।
9 अगस्त 2024 को उक्त भाजपा प्रत्याशी की बेटी अभया की मौत ने उनकी दुनिया बदल दी थी। अभया का जन्मदिन भी 9 तारीख को ही आता है। इसलिए उन्होंने प्रतिकात्मक रूप से 9 (अप्रैल) का दिन ही अपना नामांकन भरने के लिए चुना। उनका कहना है कि इस दिन ने मेरी जिंदगी बदलकर रख दी थी। इसी दिन मेरी बेटी का जन्म हुआ था और इसी दिन से उसे खोने की दर्दनाक यादें भी जुड़ी हुई है।
Read Also | पश्चिम बंगाल के मतदाता सूची से हटाए गए करीब 91 लाख मतदाताओं के नाम, चुनाव आयोग ने दिया ब्यौरा
गुरुवार की सुबह ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पानीहाटी के अमरावती इलाके में सभी इकट्ठा होना शुरू कर दिए थे। इसके बाद वहां से जुलूस शुरू हुआ। सोदपुर ट्रैफिक मोड़ से होकर रैली बैरकपुर की तरफ गयी। वहां भाजपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन जमा किया। सोदपुर ट्रैफिक मोड़ पर एक जनसभा का आयोजन किया गया। यहां भाजपा की केंद्रीय नेता स्मृति ईरानी और भाजपा नेता विपल्व देव भी मौजूद रहे।
जनसभा से भाजपा प्रत्याशी ने आत्मविश्वास से भरकर कहा कि जीतूंगी तो मैं भी। यह जीत पानीहाटी के लोगों की जीत है। पूरे बंगाल की जीत है। बेटी की यादें मुझे लगातार शक्ति देती है। अपने बच्चे को खोने का दर्द को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीतकर विधायक बनकर इलाके की समस्याओं को कोलकाता तक पहुंचाऊंगी।