राज्य के प्रशासनिक मुख्यलाय नवान्न के पास फ्लाईओवर पर अचानक ट्रैफिक सिग्नल का पोल टूट कर गिर गया। इस वजह से इलाके में काफी देर तक यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुई। पुलिस की ओर से बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही आंधी-बारिश की वजह से यह घटना घटी है।
मिली जानकारी के अनुसार नवान्न से शालीमार स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक सिग्नल का पोल टूट कर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी पहुंचे जिन्होंने परिस्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर को लगभग 2 बजे ब्रिज पर सिग्नल पोस्ट को टूट कर गिरा हुआ देखा गया। इसकी वजह से इस रास्ते से होकर आवाजाही करने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर उक्त रास्ते से गाड़ियों की आवाजाही को बंद दिया है।
बताया जाता है कि शालीमार की ओर जाने वाली गाड़ियों को आंदुल रोड से घुमा दिया जा रहा है। इसकी वजह से आसपास के रास्तों पर गाड़ियों का दबाव काफी बढ़ गया है। पुलिस व प्रशासनिक कर्मचारी युद्धकालिन तत्परता के साथ रास्तों को साफ करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने जब तक परिस्थिति सामान्य नहीं हो जाती है तब तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
पुलिस का अनुमान है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने की वजह से सिग्नल पोस्ट की नींव कमजोर हो गयी है। हालांकि राहत की बात रही कि इस पोल के टूट कर गिरने की वजह से कोई बड़ी दुर्घटना नहीं घटी। नवान्न जैसे महत्वपूर्ण इलाके में सिग्नल के टूट कर गिरने की वजह से कुछ देर तक हंगामा मच गया था।