कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना (North 24 Parganas) जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। बासंती हाइवे (Basanti Highway) पर हुए इस हादसे में एक ऑटो और प्राइवेट कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना मिनाखान इलाके में, ग्राम पंचायत कार्यालय के पास हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लाल रंग की प्राइवेट कार को भी काफी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय सड़क अपेक्षाकृत खाली थी जिसकी वजह से दोनों वाहन तेज रफ्तार में दौड़ रही थीं। लोगोंं ने बताया कि आमने-सामने से दोनों गाड़ियों में जबर्दस्त भिड़ंत हुई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, इस दुर्घटना में करीब 10 लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर मामलों को रेफर किए जाने की संभावना है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बशीरहाट जिला अस्पताल भेजा गया है।
इसी दिन इलाके में एक और हादसा भी सामने आया। हिंगलगंज के बरुनहाट में एक बाइक सवार की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बासंती हाईवे पर लंबे समय से लापरवाही से गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।