🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मुंबई इंडियंस की हार से नाराज हार्दिक पांड्या, गेंदबाजों को ठहराया हार का जिम्मेदार

लगातार दो हार से मुंबई इंडियंस की स्थिति कमजोर, अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंची टीम।

By रजनीश प्रसाद

Apr 08, 2026 13:53 IST

गुवाहाटी : गुवाहाटी में बारिश से प्रभावित मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने सीधे तौर पर गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया।

बारिश के कारण मैच 11 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 3 विकेट खोकर 150 रन बना डाले। इस बड़े स्कोर की नींव युवा खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की 80 रनों की साझेदारी ने रखी। दोनों बल्लेबाजों ने मुंबई के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह बेअसर कर दिया।

मुंबई के प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और शार्दुल ठाकुर इस मैच में कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। पावरप्ले में ही राजस्थान ने मैच पर पकड़ बना ली थी।

हार के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि बल्लेबाजी को दोष नहीं दिया जा सकता बल्कि गेंदबाजों को अपनी जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि टी-20 क्रिकेट में कुछ अच्छी गेंदें बहुत फर्क डालती हैं। हम सिर्फ कुछ अच्छे गेंदों और कुछ छक्कों से पीछे रह गए।

हालांकि मुंबई की बल्लेबाजी भी खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। टीम 123 रन पर 9 विकेट खो बैठी और लक्ष्य से काफी दूर रह गई। हार्दिक ने माना कि शुरुआत में जल्दी विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।

इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ दो छक्के भी लगाए। हार्दिक ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में उनका आत्मविश्वास और बल्लेबाजी शानदार है।

लगातार दो हार के बाद मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गई है। अब टीम का अगला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ होगा जहां वह वापसी की कोशिश करेगी।

Articles you may like: