नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। जीत के बेहद करीब पहुंची दिल्ली कैपिटल्स को आखिर में सिर्फ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा जबकि गुजरात टाइटन्स ने शानदार जीत दर्ज की।
211 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही दिल्ली की टीम को आखिरी दो गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे। क्रीज पर डेविड मिलर और कुलदीप यादव मौजूद थे। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आसान सिंगल लेने का मौका था लेकिन मिलर ने स्ट्राइक अपने पास रखने का फैसला किया। यही निर्णय टीम पर भारी पड़ गया।
आखिरी गेंद पर 2 रन की जरूरत थी। मिलर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए। इसके बाद रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए और दिल्ली जीत के मुहाने से हार गई।
मैच खत्म होने के बाद डेविड मिलर पूरी तरह टूट गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह ड्रेसिंग रूम में बैठकर बच्चों की तरह रोते नजर आए। अपनी गलती से टीम की हार होने का उन्हें गहरा अफसोस था। टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने उन्हें संभालने की कोशिश की जबकि कोच हेमांग बदानी ने गले लगाकर हौसला बढ़ाया।
यह हार दिल्ली की इस सीजन की पहली हार रही जबकि गुजरात ने इस जीत के साथ अपना खाता खोला।
मैच के बाद शुभमन गिल ने बताया कि आखिरी गेंद से पहले टीम ने रणनीति बदली थी। उन्होंने कहा कि मिलर के स्ट्राइक पर होने के कारण धीमी गेंद डालने का फैसला किया गया जिससे बड़ा शॉट लगाना मुश्किल हो जाए। इसी योजना ने गुजरात को जीत दिला दी।
कुल मिलाकर आखिरी ओवर का एक फैसला पूरे मैच का रुख बदल गया और दिल्ली के हाथ से जीत छिन गई।